आम लोगों को अगर सरकार की योजना रास नहीं आई तो इसकी शिकायत की जा सकती है। हर प्रोजेक्ट का पब्लिक ऑडिट होगा। पंजाब के स्थानीय निकाय विभाग ने अब हर छोटे से बड़े प्रोजेक्ट के दौरान ही उसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का फैसला किया है। यह मॉनिटरिंग भी उस इलाके के लोग ही करेंगे। विभाग अपने हर प्रोजेक्ट का पब्लिक ऑडिट कराएगा। विभागीय मंत्री नवजोत सिद्धू ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
सिद्धू द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक किसी भी गली, सड़क का निर्माण हो या फिर कोई बड़ा प्रोजेक्ट, साइट पर सीमेंटेड प्लेट लगाई जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही सीमेंटेड प्लेट पर काम का पूरा ब्योरा लिखा होगा, जिसमें स्पेसिफिकेशन दी जाएगी। इसके साथ ही काम करने वाले ठेकेदार और संबंधित अधिकारी का नाम व फोन नंबर होगा। उस इलाके के लोग देखेंगे कि अगर दी गई स्पेसिफिकेशन के मुताबिक काम नहीं हो रहा है, तो वे फौरन शिकायत कर सकेंगे। इसके बाद विभाग ठेकेदार पर कार्रवाई करेगा।
सिद्धू ने खास हिदायत दी है कि लोहे का बोर्ड न लगाया जाए, जिसे नशा करने वाले चुरा ले जाते हैं, सीमेंटेड प्लेट लगाई जाए। पहले निर्माण पूरा होने के कुछ समय बाद ही सड़क टूट जाती थी। तब लोग शिकायत करते थे, फिर जांच होती थी। इसमें लंबा समय लगता था, लेकिन सिद्धू ने निर्देश जारी किए हैं कि अब निर्माण कार्य के दौरान ही उसकी मॉनिटरिंग यकीनी बनाई जाए। ताकि अगर कहीं कोताही मिलती है तो उसे उसी समय दूर किया जा सके।
विधायक करेंगे मॉनिटरिंग
निकायमंत्री नवजोत सिद्धू ने विकास कार्यों में विधायकों को भी भागीदार बनाने का फैसला किया है। उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि विधायक अपने विधानसभा हलके के विकास कार्यों की मॉनिटरिंग खुद करें। अगर उन्हें लगता है कि काम संतोषजनक नहीं हो रहा है तो उनकी जानकारी में लाएं।