पंचकूला में अब पुलिस की गैर मौजूदगी वाले चौराहों पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालक बच नहीं पाएंगे। ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसने की पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। 56 सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही पंचकूला पुलिस सिटी में ई चालानिंग करेगी। इन कैमरों को लगाने में कुल 2.40 करोड़ रुपये का खर्च आया है।
सीसीटीवी कैमरों को बिजली कनेक्शन का इंतजार
कैमरों को चौक पर फिट कर दिया गया है। इन कैमरों को ऐसे फिट किया गया है कि पंचकूला में वाहनों की इंट्री से लेकर हर चौराहे पर चौक पर पुलिस की नजर रहेगी। इन कैमरों के लिए कंट्रोल रूम सेक्टर-14 के थाने में बनाया गया है। अभी कैमरे लगाने के साथ ही बिजली का कनेक्शन मिलने का इंतजार है। इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन के शुरू होते ही सीसीटीवी कैमरों को आन कर दिया जाएगा।
एक साल कंपनी करेगी मेंटेनेंस
पंचकूला नगर निगम ने डीएसएस-दूरसंचार सिस्टम कंपनी को कैमरा लगाने का ठेका अलाट किया था। एक साल कंपनी इन कैमरों की मेंटेनेंस करेगी। इसके बाद चार साल के लिए वार्षिक मेंटेनेंस कांट्रेक्ट दिया जाएगा। कंपनी के एक अधिकारी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम अब पूरा हो गया है। अप्रैल की शुरुआत तक सीसीटीवी कैमरों को आन कर दिया जाएगा। सिटी में कुल सत्रह स्थानों पर कैमरे फिट किए गए हैं। इसमें दस रोटेटिंग टाइप कैमरे हैं जबकि 46 स्टेटिक कैमरे हैं। पंचकूला की सभी एंट्रेंस, गोल चक्करों, लाइट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। छीना झपटी, डकैती, आदि की वारदातों को रोकने में यह कैमरे पुलिस की काफी मदद करेंगे।
अनिल धवन, डीसीपी पंचकूला ने बताया कि पंचकूला में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। कैमरों का मुख्य उपयोग सर्विलांस के लिए होगा। इसके साथ ही ट्रैफिक लाइट प्वाइंट पर ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर भी कैमरों से नजर रखी जाएगी। हम यहां ई चालानिंग सिस्टम भी शुरू करेंगे। जिससे लोग ट्रैफिक नियमों को माने और हादसे न हों। इसके साथ ही हम कैमरों का बेस्ट उपयोग करने के लिए भी प्लान तैयार कर रहे हैं।