चंडीगढ़। पीजीआई में किडनी का इलाज कराने आए अंबाला के एक मरीज में शनिवार को कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके संपर्क में आए दो डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और सफाई कर्मचारी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
अंबाला निवासी की किडनी में परेशानी थी। पीजीआई इमरजेंसी में उसका डायलिसिस चल रहा था। शुक्रवार को उसमें कोरोना के लक्षण दिखने पर जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। शनिवार को रिपोर्ट आने के बाद पीजीआई प्रशासन ने मरीज को तत्काल कोरोना आईसीयू में भर्ती कर उसके संपर्क में रहे सभी डॉक्टरों और स्टाफ को आइसोलेशन में भर्ती कर दिया। मरीज की हालत गंभीर है। उसे सांस लेने में तकलीफ है। आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। पीजीआई में यह दूसरा मामला है, जब किसी दूसरी यूनिट में भर्ती मरीज में इलाज के दौरान कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे पहले पंजाब के फगवाड़ा की एक 6 माह की बच्ची में एडवांस कार्डियक सेंटर में इलाज के दौरान कोरोना की पुष्टि हुई थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।