फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब चंडीगढ़ से बैंकाक और दुबई की उड़ान

Fri, 20 Jun 2014 11:28 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
अब जल्द ही चंडीगढ़ हवाई अड्डे से बैंकाक और दुबई के लिए विमान सेवा शुरू हो जाएगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पाइसजेट, इंडिगो और यूएई एयरलाइन को चंडीगढ़ से बैंकाक और दुबई की उड़ान को मंजूरी प्रदान कर दी है।
विज्ञापन


नई दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू के बीच वार्ता के दौरान यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री बादल ने बाद में एक प्रेस बयान जारी कर उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि चंडीगढ़ से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवश्यकता थी। केंद्रीय मंत्री के इस निर्णय ने विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए दरवाजे खोल दिए हैं।

उड़ान के लिए मंजूरी

मुख्यमंत्री बादल के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने इंडिगो, स्पाइसजेट और यूएई एयरलाइन को चंडीगढ़ से दुबई और बैंकाक की उड़ान के लिए मंजूरी प्रदान की है। अब तक पंजाब और चंडीगढ़ से बैंकाक और दुबई जाने वाले यात्रियों को नई दिल्ली से फ्लाइट लेनी होती थी। आने वाले समय में हिमाचल, हरियाणा और पंजाब के यात्री फ्लाइट का लाभ भी ले सकेंगे।

बठिंडा से उड़ान के लिए रक्षा मंत्रालय की मंजूरी का इंतजार
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पंजाब के दक्षिण पश्चिमी जिले बठिंडा को हवाई मार्ग से जोड़ने की भी मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के अनुसार, रक्षा मंत्रालय से मंजूरी के बाद बठिंडा से घरेलू उड़ानें शुरू होंगी। ध्यान रहे कि बठिंडा का सिविल टर्मिनल एक साल पहले ही तैयार हो चुका है। हालांकि इसका उद्घाटन अब तक नहीं किया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआत में दिल्ली से अमृतसर जाने वाली उड़ान को बठिंडा में हाल्ट दिया जाएगा।
विज्ञापन

आदमपुर और हलवारा से घरेलू उड़ान

मुख्यमंत्री बादल ने जालंधर के एयरफोर्स स्टेशन आदमपुर और लुधियाना के हलवारा को भी एयर कनेक्टिविटी देने के लिए कहा है। जालंधर और लुधियाना दोनों औद्योगिक इकाईयों वाले जिले होने के कारण उद्यमियों को नई दिल्ली और अन्य राज्यों में जल्दी पहुंचना सुलभ हो जाएगा।

यह मांगें भी रखीं
मुख्यमंत्री बादल ने नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात के दौरान पंजाब के पठानकोट और साहनेवाल हवाई अड्डों से घरेलू उड़ानें बहाल करने की अनुसंशा भी की है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले यहां से उड़ान थी लेकिन यह बंद कर दी गईं थीं।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि एयरक्राफ्ट मेंटीनेंस इंजीनियरिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की समीक्षा की जानी चाहिए। इस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट से हर वर्ष 30 स्टूडेंट्स पास होते थे, लेकिन यह सिलसिला अब रुक गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए पंजाब की इंडस्ट्री में रोजगार काफी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें