गुड न्यूज! अब नए साल से किसी भी समय नाइट फूड स्ट्रीट (एनएफएस) पर खाना और फास्ट फूड खा सकते हैं। यहां पर चाइनीज, नार्थ इंडियन, जूस और बेकरी का अलग से कियोस्क है। सोमवार को नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में एनएफएस को 24 घंटे चलाने की अंतिम मंजूरी दे दी है।
इस समय जो चार ठेकेदार कियोस्क चला रहे हैं, उनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा। नए साल से नए सिरे से कियोस्क को किराए पर चढ़ाने के लिए ड्रा निकाले जाएंगे। अनुबंध कमेटी ने 24 घंटे कियोस्क चलाने का किराया भी दोगुना कर दिया है।
अब 25 की जगह 50 हजार रुपये हर माह नगर निगम हर कियोस्क चलाने वाले से चार्ज करेगा। बैठक में नाइट फूड स्ट्रीट में ओवरचार्जिंग रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया कि यहां पर जो फूड के रेट है उन्हें बड़े बड़े बोर्ड में प्रिंट करवाया जाएगा।
इसके साथ ही नगर निगम ने यहां पर तंबाकू पदार्थ की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। अभी एनएफएस में रात 7 से सुबह 7 बजे तक खुलती है। 24 घंटे फूड स्ट्रीट खुलने का सबसे ज्यादा फायदा पीयू के छात्रों और पीजीआई में आने वाले तीमारदारों को मिलेगा।
प्लाजा में लग सकेंगे स्टॉल
बैठक में कमिश्नर बी पुरुषार्था, मेयर पूनम शर्मा, पूर्व मेयर सुभाष चावला, बाबूलाल, सतीश कैंथ, राजेंद्र कौर रत्तू, चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद ने भी भाग लिया। यह भी निर्णय लिया गया कि फूड स्ट्रीट को नगर निगम की ओर से चेक भी किया जाएगा।
बैठक में अनुबंध कमेटी ने सेक्टर-17 प्लाजा को कॉर्मिशयल गतिविधि के लिए स्टॉल लगाने की भी मंजूरी दे दी है। ऐसे में अब यहां पर कोई भी कंपनी फेयर लगा सकती है। इसके लिए नगर निगम ने प्रति दिन का किराया 9 हजार रुपये तय किया है।