-मुख्य सचिव के साथ बैठक में जल्द तय होगी परीक्षा की तिथि
-एक दिन या अलग-अलग दिनों में परीक्षा को लेकर होना है फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सरकारी नौकरी के लिए सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा) के इंतजार में बैठे करीब 10 लाख से अधिक युवाओं के लिए राहत की खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग इसी सप्ताह सीईटी के लिए नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। 10 नवंबर से सीईटी के लिए पंजीकरण शुरू हो सकता है। संभावना है कि यह परीक्षा दिसंबर के अंत तक हो सकती है। इस बार परीक्षा हरियाणा सरकार खुद आयोजित करेगी, जबकि इससे पहले एटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) द्वारा यह परीक्षा आयोजित की गई थी।
प्रदेश सरकार द्वारा ग्रुप सी और ग्रुप डी की नौकरियों के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा ली जाती है। इसकी वैधता तीन साल तक होती है। वैसे तो सीईटी हर साल कराए जाने का दावा किया गया था, लेकिन अभी तक प्रदेश में मात्र एक बार ही यह परीक्षा आयोजित हो पाई है। परीक्षा आयोजित नहीं कराए जाने को लेकर अभ्यर्थियों में काफी रोष है और वे कई बार धरना-प्रदर्शन तक कर चुके हैं। इतना ही नहीं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग लिखित में दे चुका है कि नवंबर से दिसंबर माह के बीच में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहले से परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थी भी इस परीक्षा में अपना स्कोर बढ़ाने के लिए परीक्षा दे सकते हैं। सीईटी को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को पत्र लिखा गया है। पत्र मिलने के बाद आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है।
आयोग की सरकार को प्रस्ताव भेजने की तैयारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से सीईटी को लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा। इसमें सरकार से पूछा जाएगा कि सीईटी को एक दिन में कराया जाए या ज्यादा दिनों में। सरकार की अनुमति मिलने के बाद तिथि निर्धारित होगी। मुख्य सचिव विवेक जोशी ने कार्यभार संभाल लिया है, इसलिए संभावना है कि आगामी कुछ दिनों में परीक्षा की तिथि तय कर दी जाए। गौर हो कि इस बार सीईटी में सामाजिक आर्थिक आधार के 5 अंकों का लाभ नहीं दिया जाएगा। ऐसे में जो अभ्यर्थी मेरिट में आएंगे, उन उम्मीदवारों का चयन होगा।