चंडीगढ़। शहर में पानी के दुरुपयोग को लेकर नगर निगम सख्त हो गया है। गर्मियों की शुरुआत होते ही शहर में पानी की मांग बढ़ गई है। ऐसे में पानी की बर्बादी पर नगर निगम ने शनिवार से चालान काटने की शुरुआत कर दी। शनिवार को निगम की टीम ने विभिन्न सेक्टरों का दौरा कर दो लोगों के चालान काटकर 10,500 रुपये वसूले, जबकि 74 लोगों को नोटिस जारी किया गया। हालांकि पहले दिन कनेक्शन काटने की कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन लोगों को पानी का दुरुपयोग न करने की हिदायत दी गई। सुबह 5:30 से 8:30 बजे तक नगर निगम की विभिन्न टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमीं। गौर रहे कि नगर निगम ने पानी की बर्बादी पर 5250 रुपये का चालान काटने का प्रावधान रखा है।
नगर निगम ने इसके लिए 18 एसडीई समेत विभिन्न जेई व अन्य कर्मचारियों की टीमों का गठन किया है। शहर के ज्यादातर हिस्सों में सुबह साढ़े पांच बजे पानी आता है, इसलिए टीमें भी सुबह 5:30 से 8:30 बजे के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमेंगी। अगर कोई भी फ्रेश पानी से वाहनों और कोर्टयार्ड को धोते हुए या लॉन में पानी देते हुए पाया गया तो उसे कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा, बल्कि सीधे उसका 5250 रुपये का चालान कटेगा। चालान की राशि को पानी के बिल में जोड़कर भेज दिया जाएगा।