बीएसएनएल कर्मचारियों को मिली दो-दो हजार पगार
नोटबंदी के 23वें दिन बाद भी बैंकों के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। पहली तारीख होने के कारण नौकरीपेशा लोग भी बैंकों की लाइन में लगे रहे। बीएसएनएल कर्मचारियों को दो-दो हजार रुपये पगार मिली। बीएसएनएल कर्मचारियों के अधिकतर खाते पंजाब नेशनल बैंक में हैं, लेकिन बैंकों में कैश लिमिट में आने के कारण खाताधारकों को कम पैसों में गुजारा करना पड़ा रहा है।
बीएसएनएल में कार्यरत बलबीर सिंह ने बताया कि उनके खाते में तनख्वाह आ चुकी है। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि कोई भी व्यक्ति अपने खाते में से 24 हजार तक पैसे निकलवा सकता है। जब वह पैसे निकलवाने के लिए गए तो बैंक वालों ने दो हजार रुपये ही दिए। बलबीर ने बताया कि दो हजार में घर का गुजारा चलाना मुश्किल है। इसलिए उन्होंने पीएनबी के सर्कल हैड से बात कर सुविधा देने की मांग की है।
वहीं कैश न मिलने से नाराज लोगों का आरोप था कि सरकार के पास पर्याप्त रुप से तैयारी नहीं थी तो सरकार ने इतना बड़ा फैसला क्यों ले लिया। बैंकों के बाहर सुबह सात बजे से ही लाइनें लगनी शुरू हो गई थी। वहीं जब बैंक खुला तो बैंक वालों ने बाहर कैश न होने का बोर्ड लगा दिया। कुछ बैंकों ने कैश दिया लेकिन करीब 12 बजे सभी बैंकों में कैश खत्म हो गया था।