माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन लॉजिस्टिक्स सिस्टम इंटेलिजेंस नेटवर्क लांच किया गया। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने लॉन्चिंग करते हुए बताया कि इसके जरिए वैक्सीन फ्रिज में डिजिटल सेंसर लगाकर उसकी मदद से वैक्सीन के कोल्ड चेन की सेंट्रलाइज्ड मॉनीटरिंग की जा सकेगी। इसके माध्यम से वैक्सीन के स्टॉक और तापमान के बारे में भी जानकारी मिल सकेगी।
लॉन्चिंग के साथ ही इस तकनीक की जानकारी देने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि पहले बैच को 19 और 20 अक्तूबर को इसका प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि दूसरा बैच 22 और 23 अक्तूबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम में जानकारी लेगा। टीकाकरण अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. संगीता ने बताया कि इस तकनीक की मदद से लाभार्थियों को आसानी से तय समय पर गुणवत्ता युक्त वैक्सीन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित होगा। साथ ही टीकाकरण अभियान की सफलता शत-प्रतिशत सुनिश्चित होगी। इस कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों को स्मार्ट फोन दिया गया है। उन्होंने बताया कि हर टीकाकरण दिवस पर इस एप्लीकेशन को अपडेट कर नए रिकॉर्ड अपलोड किए जाएंगे। इसे बाद में ऑनलाइन कर दिया जाएगा। उस ऑनलाइन रिकॉर्ड को राज्य और केंद्रीय स्तर पर जांचा जा सकेगा। इसके साथ ही इस तकनीक की मदद से कम मानव संसाधन में भी बेहतर कार्य करना संभव होगा।