पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बेशक करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पासपोर्ट की शर्त को हटाने का एलान किया है, लेकिन अभी तक केंद्र सरकार या पंजाब सरकार ने जिला स्तर पर पासपोर्ट की शर्त हटाने का कोई फरमान जारी नहीं किया है।
लिहाजा सेवा केंद्रों से बिना पासपोर्ट रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आने वाले व्यक्ति को वापस भेजा जा रहा है। सेवा केंद्रों में पासपोर्ट के आधार पर ही करतारपुर कॉरिडोर से ननकाना साहिब पाकिस्तान जाने के लिए रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इतना ही नहीं, पति-पत्नी के लिए भी पासपोर्ट की शर्त रखी गई है।
शादीशुदा दंपती के लिए दोनों का पासपोर्ट होना जरूरी है। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए एक नवंबर से सेवा केंद्रों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।
सेवा केंद्रों के मुख्य अधिकारी अमन ने बताया कि अब तक बरनाला जिले के कुल सेवा केंद्रों में सभी का रजिस्ट्रेशन पासपोर्ट के आधार पर हुआ है, बिना पासपोर्ट रजिस्ट्रेशन के लिए अभी तक सरकार की तरफ से कोई आदेश नहीं आया है।