चंडीगढ़ में रहने वाली लड़कियों के लिए राहत भरी खबर है। अब हेलमेट न होने पर चालान नहीं कटेगा, पर एक शर्त पूरी करनी होगी। लड़कियों के अपनी और दूसरे लोगों की जान की सुरक्षा खुद करनी होगी। चंडीगढ़ की सड़कों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाली महिलाओं-युवतियों के फिलहाल अभी चालान नहीं काटे जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने अभी जागरूकता मुहिम को जारी रखने का फैसला लिया है। एसएसपी ट्रैफिक शशांक आनंद ने बताया कि हेलमेट के लिए जागरूकता मुहिम की समय सीमा तय नहीं हैं। इस वजह से विभिन्न माध्यमों से महिलाओं-युवतियों को खुद और अन्य लोगों की जान सुरक्षित रखने को जागरूक किया जाता रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस का प्रयास है कि महिलाएं और युवतियां ड्राइविंग के समय हेलमेट पहनने की आदत को रूटीन में शामिल करें। सोशल साइट, रेडियो, ट्विटर, फेसबुक अकाउंट और रोड सेफ्टी पर आधारित गीतों के माध्यम से ट्रैफिक पुलिस हेलमेट की महत्वता बताते हुए बेटियां बचाने को जागरूक कर रही है।