अधिसूचना जारी हुए दो साल बीते, एसोसिएशन ने कहा, मांगें पूरी नहीं हुई तो निदेशालय पर प्रदर्शन किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरोे
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा लगभग चार साल पूर्व मेवात के विभिन्न खंडों में मौजूद मेवात मॉडल स्कूलों को शिक्षा विभाग में मर्ज करने समायोजन की अधिसूचना जारी होने के तीन साल बाद भी टीजीटी अध्यापकों के नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं। इस मामले को लेकर कई बार मेवात माॅडल स्कूल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन अधिकारियों के साथ-साथ मंत्री से भी मुलाकात कर चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। अब एक बार फिर एसोसिएशन ने चेताया है कि अगर जल्दी उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो निदेशालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। एसोसिएशन के राज्य प्रधान बिजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री हरियाणा को पत्र लिखकर शिक्षा निदेशालय के रवैये कि कड़ी आलोचना करते हुए शीघ्र 100 टीजीटी अध्यापकों के नियुक्ति पत्र जारी करने, 33 कर्मचारियों के नियमितीकरण, कोरोना के समय हुई दो कर्मचारियों के परिवार को अनुकंपा का लाभ देने व कर्मचारियों पर जबरन लगाई गई शर्तों को हटने आदि मांग की है। एसोसिएशन के प्रधान विजेन्द्र कुमार व पूर्व प्रधान सतीश खटाना ने दो टूक शब्दों में कहा कि जल्द ही यदि मांगों पर कोई निर्णय नहीं हुआ तो मेवात माडल स्कूल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ मिलकर शिक्षा निदेशालय पर उग्र प्रदर्शन जाने पर मजबूर होगा।