चंडीगढ़। सेक्टर-33 में बीते 31 मई को शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की कोठी पर फायरिंग के मामले में शूटर नितिन नाहर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अमृतसर में गिरफ्तार शूटर नितिन नाहर सेक्टर-34 थाना पुलिस के पास चार और पांच दिन के प्रोडक्शन वारंट पर था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सेक्टर-33 में शराब कारोबारी के घर के बाहर गोलियां चलाईं थीं। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई व अंबाला जेल में बंद गैंगस्टर दीपू संपर्क में था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसे आदेश मिले थे। उसके बाद वह इस काम के लिए तैयार हुआ था और अपने साथियों के साथ मिलकर शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की कोठी पर फायरिंग कर फरार हो गया था।
गौरतलब है कि बीते 31 मई को सेक्टर-33 स्थित राकेश सिंगला के घर पर कार सवार पांच बदमाशों ने 17 राउंड फायर कर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की कार को कब्जे में लेकर शूटरों की मदद करने वाले जीरकपुर निवासी जिम संचालक सेवक उर्फ गुरी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि अंबाला जेल में बंद गैंगस्टर दीपू ने उसे काम सौंपा था। पुलिस ने दीपू की निशानदेही पर लुधियाना निवासी शूटर करण शर्मा को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच में सामने आया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर पंजाब और चंडीगढ़ के बड़े कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया था। सेक्टर 34 थाना पुलिस को अब हरियाणा के गांव लाडवा निवासी शूटर बलबीर सिंह उर्फ मनी, भिवानी निवासी राहुल और बच्ची की तलाश है।