चंडीगढ़। सरकारी स्कूलों में नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। परीक्षाएं 31 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाएं ऑफलाइन तरीके से स्कूलों में आयोजित होंगी। शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि विद्यार्थियों को कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। बिना मास्क के विद्यार्थी को स्कूल में परीक्षा के लिए अनुमति नहीं मिलेगी। साथ ही मोबाइल लाने की मनाही रहेगी।
विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचना होगा। 9.15 बजे उन्हें पेपर दे दिया जाएगा। 9.15 से 9.30 बजे तक उन्हें पेपर पढ़ने के लिए समय दिया जाएगा। 9.30 से 12.30 बजे तक विद्यार्थी को पेपर हल करने का समय दिया जाएगा। विद्यार्थियों को स्कूल वर्दी में परीक्षा के लिए आना है। अगर परीक्षा के बीच किसी दिन सरकारी छुट्टी आती है तो उस विषय का पेपर अंत में आयोजित किया जाएगा। स्कूलों में परीक्षा के लिए एक कमरे में 12 विद्यार्थियों को बैठाने के निर्देश हैं। अगर कमरा या हॉल बड़ा हो तो विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। एक बैंच पर एक विद्यार्थी को ही बैठाना होगा और छह फीट की दूरी का ध्यान रखना होगा।
क्लस्टर हेड करेंगे परीक्षा प्रणाली की देखरेख
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कलस्टर प्रमुख उनके अंतर्गत आने वाले स्कूलों में परीक्षा प्रणाली और व्यवस्था की देखरेख करेंगे। स्कूल प्रमुख सीबीएसई और केंद्र की ओर से जारी स्कूलों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। स्कूल प्रमुख विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड भेजेंगे और परीक्षा के बाद परिणाम को डीईओ दफ्तर को जमा कराएंगे।