अब पंचकूला में जल्द ही निफ्ट के साथ ही मेडिकल कालेज बनाने की तैयारी कर ली गई है। निफ्ट का नींव पत्थर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुड़गांव में एक नवंबर को रख सकते हैं। इसके साथ ही एमडीसी सेक्टर-4 के समीप 32 एकड़ जमीन पर बनाए जाने वाले मेडिकल कॉलेज का प्रोजेक्ट भी फाइनल स्टेज पर है।
दीवाली के दो दिन पहले पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने यह जानकारी दी। पंचकूला सेक्टर-5 में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विधायक ने कहा कि पिछले दो वर्ष के दौरान पंचकूला की स्थिति एकदम बदल चुकी है।
पंचकूला में छह सौ करोड़ से कई कार्य कराए गए हैं। इसमें कई कार्यों की घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री ने की थी। विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए एमडीसी सेक्टर 4 में 32 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।
विधायक ने बताया कि पहली नवंबर को गुरुग्राम में स्वर्ण जयंती समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री 50 नई परियोजनाओं की घोषणा करने जा रहे हैं। इसमें 100 करोड़ के ड्रीम प्रोजेक्ट निफ्ट की आधारशिला भी वहीं रखेंगे।
विधायक ने कहा कि माता मनसा देवी में संस्कृत महाविद्यालय के निर्माण के लिए भी स्थान चिह्नित किया जा चुका है। पंचकूला में लॉ की कक्षाएं इसी वर्ष से शुरू कर दी जाएंगी। इसके लिए सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
सेक्टर-19 में रेलवे अंडर ब्रिज, पंचकूला में हरियाणा रोडवेज का डिपो, सेक्टर 3 में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के केन्द्र का निर्माण, सेक्टर एक में आर्कियोलॉजी केंद्र के साथ म्यूजियम का और पंचकूला में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की स्थापना उनकी प्राथमिकता होगी।
विधायक ने कहा कि 100 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों की री कारपेटिंग का काम पंचकूला में कराया जा चुका है। बीजेपी के महामंत्री हरिंदर मलिक, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता वीरेंद्र गर्ग, जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष योगिंदर शर्मा, भाजपा युवा नेता अमित गुप्ता, डीपी सोनी, बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी विकास पॉल भी उपस्थित थे।
स्लम के लिए खरीदेंगे मोबाइल टायलेट्स
पंचकूला में करीब 61 स्लम बस्तियों के लिए मोबाइल टायलेट्स जल्द ही खरीदे जाएंगे। विधायक ने कहा कि जल्द ही पंचकूला में पीपीपी मोड में स्लम में रहने वालों के लिए घरों का निर्माण कार्य किया जाएगा। सेक्टर-20 में लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए भी मीटिंग की जा चुकी हैं और उसका निदान भी जल्द ही किया जाएगा।