रोहतक के महम क्षेत्र के गांव भैणी सुरजन की रहने वाली निधि सिवाच ने यूपीएससी की परीक्षा में 83वां रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजन समेत पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
सरपंच अजय का कहना है कि गांव पहुंचने पर निधि का जोरदार स्वागत किया जाएगा। निधि ने बताया कि उन्हें यकीन ही नहीं था कि इतनी बड़ी सफलता इतनी जल्द मिलेगी। वह अभी तक विश्वास नहीं कर पा रही हैं।
निधि के पिता उमेद की सेक्टर चार के नजदीक गुरुग्राम में परचून की दुकान है। मां ग्रहणी हैं। निधि तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं।
24 साल की निधि का कहना है कि उन्होंने किसी तरह की कोचिंग नहीं ली। यू-ट्यूब की बजाए गूगल का सहारा लिया। उन्होंने बताया कि उसकी दसवीं व बारहवीं की पढ़ाई सिदेश्वर स्कूल गुरुग्राम से हुई है।
छोटूराम यूनिवर्सिटी मुरथल से उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उसके बाद वह हैदराबाद में टेक महेन्द्रा कंपनी में नौकरी करने चली गई।
दो साल के बाद 2017 में उसने नौकरी से इस्तीफा दे दिया और गुरुग्राम आकर टेस्ट की तैयारी करने लगी। उन्हें पेपर का पैटर्न समझ में आ गया था। निधि ने बताया कि एजुकेशन सेक्टर सहित महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करेंगी।