ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने इसी महीने के अंत में पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट्स के अलॉटियों को फ्लैटों का तोहफा देने की तैयारी की है। प्लॉटों का नंबरिंग ड्रॉ 29 और तीस दिसंबर को होगा।
इसके बाद गमाडा की ओर से अलॉटियों को पजेशन दे दिया जाएगा। वहीं, गमाडा ने फ्लैट अलॉटियों के नाम व विवरण अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अलॉटियों को हिदायत दी गई है कि किसी को इस संबंधी यदि कोई एतराज है तो वह गमाडा की सिंगल विंडो पर आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। इसकी आखिरी तिथि 24 दिसंबर निश्चित की है। इसके बाद लोगों की ओर से भेजे गए एतराज गमाडा द्वारा नहीं सुने जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक गमाडा की ओर से सेक्टर-88 में पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट्स स्थापित किया गया है। प्रोजेक्ट करीब 37 एकड़ में बसाया गया है। दो दिन चलने वाले ड्रॉ में गमाडा की ओर से 1066 के करीब फ्लैटों का ड्रॉ निकाला जाएगा। ड्रॉ तीन श्रेणियों में होगा। वहीं, ड्रॉ की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी।
इसके अलावा ड्रॉ में सरकार के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। वहीं, ड्रॉ स्थल पर अलॉटियों के नाम नोटिस बोर्ड पर चिपकाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रॉ बॉक्स में पर्चियां डालने से पहले लोगों से रेंडम चेक करवाई जाएगी। इसके बाद ड्रॉ की प्रक्रिया होगी। गमाडा के ईओ हाउसिंग महेश बंसल ने ड्रॉ की तिथि फाइनल होने की पुष्टि की है।