सर्किट हाउस में वेबसाइट लांच करते वक्त मुख्यमंत्री मान ने इसे एक अग्रणी कदम बताया। इसका उद्देश्य एक तरफ एनआरआई की भलाई सुनिश्चित करना और दूसरी तरफ उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहने में मदद करना है। उन्होंने कहा कि अल्ट्रामॉर्डन वेबसाइट शासन सुधार विभाग द्वारा एनआईसी की मदद से बनाई गई है।
वेबसाइट पर एनआरआई पुलिस विंग, पंजाब राज्य एनआरआई आयोग और एनआरआई सभा से संबंधित विस्तृत जानकारी है। यह वेबसाइट एनआरआई भाइयों को एक क्लिक पर राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली कई सुविधाएं भी प्रदान करेगी। यह वेबसाइट एनआरआई को अन्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपने दस्तावेजों को सत्यापित कराने में भी मदद करेगी।
वेबसाइट एनआरआई को हेल्पलाइन नंबर, ईमेल पते और व्हाट्सएप शिकायत नंबर भी प्रदान करेगी। सीएम मान ने कहा कि वेबसाइट में पंजाब सरकार के साथ पंजीकृत ट्रैवल एजेंट/एजेंसियों और विदेश मंत्रालय के साथ पंजीकृत आव्रजन एजेंट/एजेंसियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी है।
उन्होंने कहा कि वेबसाइट में पंजाब के केंद्रीकृत ऑनलाइन शिकायत पोर्टल का लिंक भी है।
www.connect.punjab.gov.in जहां एनआरआई और अन्य लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट एनआरआई भाइयों के सामने आने वाली समस्याओं को हल करने में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगी।