ब्राजील में वर्ष 2016 में होने वाले ओलंपिक की टिकट पाना बॉक्सरों के लिए इस बार आसान नहीं होगा। ओलंपिक क्वालीफाई के नए नियम उनकी राह में रोड़ा बन रहे हैं। इस बार एशिया ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को शामिल किया गया है, जो देश के खिलाड़ियों की राह रोकेंगे।
यही नहीं, वर्ल्ड चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने तक से बात नहीं बनेगी। यदि खिलाड़ी गोल्ड या सिल्वर पदक जीतते हैं, तो ही उन्हें ओलंपिक के लिए क्वालीफाई माना जाएगा। इन नए नियमों की पुष्टि करते हुए भारतीय बॉक्सिंग टीम के सीनियर कोच जी.एस. संधु भी मानते हैं कि इस बार देश के खिलाड़ियों के ओलंपिक में क्वालीफाई करने की उम्मीद कम है।
हालांकि वह आशा जताते हैं कि अगर बॉक्सर कड़ी मेहनत करते हैं तो सबकुछ संभव हो सकता है। राजीव गांधी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हुए वर्ल्ड जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के ट्रायल में आए कोच संधु ने अमर उजाला से ओलंपिक की तैयारियों पर विशेष बातचीत की।