रेल प्रोजेक्ट को रफ्तार देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए डायरेक्टर की पोस्ट ईजाद की है। इस पोस्ट पर डायरेक्टर की भी नियुक्ति कर दी गई है। रेलवे बोर्ड के मुताबिक फिरोजपुर के एसीएम एचडी कुमार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नया डायरेक्टर नियुक्त किया है। अभी चंडीगढ़ में स्टेशन सुपरिंटेंडेंट बैठते हैं। माना जा रहा है कि डायरेक्टर के आने से रेलवे स्टेशन के प्रोजेक्टों को नई रफ्तार मिलेगी।
इन प्रोजेक्टों को होगा फायदा
रेलवे बोर्ड के मुताबिक स्टेशन डायरेक्टर दिसंबर के पहले हफ्ते में ज्वाइन करेंगे। उनका मुख्य काम चंडीगढ़ स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बनाए गए प्रोजेक्टों और सेमी हाई स्पीड ट्रेन की निगरानी करना होगा। चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन के लिए कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। रेलवे फ्रांस की मदद से चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने के लिए स्टडी भी कर चुका है।
रेलवे बोर्ड ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए डायरेक्टर की अप्वाइंटमेंट इसलिए की है, ताकि डायरेक्टर की देखरेख में सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने के प्रोजेक्ट को पूरा किया जा सके। दिल्ली-चंडीगढ़ वाया अम्बाला रेल ट्रैक पर सेमी हाईस्पीड ट्रेन चलाने के लिए प्रारंभिक सर्वे शुरू हो गया है। इसमें अम्बाला-लुधियाना स्टेशनों को फ्रांस की तर्ज पर अत्याधुनिक बनाने और दिल्ली-चंडीगढ़ ट्रैक को सेमी हाईस्पीड बनाने का लक्ष्य है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली-चंडीगढ़ तक एक विशेष रेल ट्रैक बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर प्रति किलोमीटर करीब 100 करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान है।
वर्ल्ड क्लास स्टेशन प्रोजेक्ट में चंडीगढ़ का नाम है शुमार
रेलवे मंत्रालय इस रेल बजट में विश्वस्तरीय सुविधाओं से स्टेशनों को लैस करने की प्रक्रिया शुरू की थी। पीपीपी मॉडल के तहत रेलवे की ओर से पहले चरण में फरीदाबाद, जम्मू-तवी समेत 23 स्टेशनों का दोबारा नए सिरे से विकास का काम शुरू किया गया है। जिसमें दिल्ली के अलावा बिजवासन, आनंद विहार, अमृतसर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों का नाम भी शुमार है। इन 23 स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा।