चंडीगढ़ परिवहन विभाग ने मलोया वासियों को एसी बस की सौगात दी है। विभाग के पास जो नई इलेक्ट्रिक बसें आई हैं, उनमें से पांच बसों को सीटीयू ने न्यू मलोया कॉलोनी-रामदरबार रूट पर लगाया है। यहां अब तक नॉन एसी बसें ही चलती थीं।
परिवहन विभाग ने वोल्वो-आयशर के साथ 40 ई-बसों के लिए समझौता किया है। इसके लिए कंपनी को 44.99 रुपये प्रति किमी चुकाए जा रहे हैं। 10 वर्ष के लिए 115.44 करोड़ रुपये के समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। अब तक 14 बसें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं। इन्हीं में से पांच बसें न्यू मलोया कॉलोनी रूट पर लगाई गईं हैं।
ये बसें सुबह 6.20 बसे से रात करीब 9 बजे तक सेवाएं देंगी। विभाग के निदेशक प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ये बसें चलाई गईं हैं। आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी बसें चलाई जाएंगी, इसकी योजना बनाई जा रही है।
बता दें कि न्यू मलोया कॉलोनी में कई परिवारों को बसाया गया है लेकिन बस सेवा अच्छी नहीं होने की वजह से विभाग के पास लगातार शिकायत पहुंच रही थीं। वर्ष 2021 में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ हाइब्रिड एंड इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी फेम इंडिया स्कीम फेज-दो के तहत उन शहरों के नामों की घोषणा की थी, जिन्हें केंद्र सरकार की तरफ से ई-बसें दी जानी हैं। इसमें चंडीगढ़ का भी नाम था। केंद्र ने 80 बसों के लिए प्रति बस 45 लाख रुपये सब्सिडी देने की घोषणा की थी। 40 बसें विभाग खरीद चुका है और अन्य 40 बसों के लिए वोल्वो-आयशर से समझौता हुआ है। 10 सितंबर तक सभी बसें चंडीगढ़ पहुंच जाएंगी।