दिवाली में केवल 7 दिन बाकी हैं। पटाखा विक्रेताओं को प्रशासन की ओर से अब तक लाइसेंस जारी नहीं किए गए हैं। सुप्रीमकोर्ट के फैसले को देखते हुए यूटी प्रशासन ने भी सख्ती कर दी है। प्रशासन इस बार पटाखा विक्रेताओं को नया लाइसेंस जारी नहीं करेगा।
दूसरी ओर इस बार दुकानों के आगे पटाखों के स्टाल्स न लगाए जाने को लेकर प्रशासन अपने फैसले पर पूरी तरह अडिग है। प्रशासन के इस फैसले ने पटाखा विक्रेताओं के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन के इस फैसले से उनका लाखों का नुकसान होगा।
डीसी दफ्तर के पास व्यापारियों का धरना
बुधवार देर शाम डीसी आफिस के बाहर क्रैकर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने अब तक लाइसेंस न दिए जाने और पटाखों की स्टाल्स लगाने के लिए साइट्स न निधार्रित किए जाने को लेकर धरना दिया। क्रैकर्स एसोसिएशन ने कहा कि वीरवार सुबह 10 बजे डीसी आफिस का घेराव किया जाएगा। जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाएगी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा। अब तक प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं के न ही लाइसेंस रिन्यू किए हैं और न ही नए लाइसेंस बनाकर दिए हैं। इस बार प्रशासन ने दुकानों के आगे पटाखों के स्टाल्स तक लगाने पर रोक लगा दी है।