पीजीआई डायरेक्टर ने निर्देश जारी कर कहा है कि डाक्टर मरीजों को दवा के साथ साल्ट भी लिखें, ताकि जेनरिक दवाओं को प्रमोट किया जा सके। पीजीआई में जेनरिक दवाएं अमृत फार्मेसी और जनऔषधि सेंटर में उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी एचओडी को निर्देश दिया है कि वे इससे अपने फैकल्टी मेंबरों को अवगत कराएं और ताकि मरीजों को इसका लाभ मिल सकें।
डायरेक्टर ने निर्देश में नाराजगी जताते हुए कहा है कि इससे पहले भी कई निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसे बहुत कम ही लोग मान रहे हैं। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया है कि साल 2011, 2013, 2014 में दो बार और फरवरी 2016 में भी इस बारे में निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद इन आदेशों को नहीं माना जा रहा है। बेहतर पेशेंट केयर के लिए यह जरूरी भी है। इसलिए सभी डाक्टर दवा के साथ उसका साल्ट जरूर लिखें।
दरअसल पीजीआई के पास पिछले कई दिनों से शिकायत पहुंच रही थी कि डाक्टर ब्रांडेड कंपनियों की दवाएं लिख रहे हैं, जबकि पीजीआई में दो-दो जेनरिक स्टोर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से भी इंस्टीट्यूट को निर्देश गए हैं कि जेनरिक दवाओं को प्रमोट करने सभी कोशिश की जाएं। पीजीआई में हाल ही में जनऔषधि सेंटर और अमृत फार्मेसी की ओपनिंग की गई है। इसमें कैंसर व अन्य मर्ज की दवाएं 60-80 प्रतिशत तक सस्ती मिलती हैं।