सोमवार से लागू हुई जीएसटी की नई दरों का असर पहले ही दिन चंडीगढ़ के बाजारों में साफ नजर आया। नवरात्रि का पहला दिन और सरकारी अवकाश होने के बावजूद बाजारों में आम दिनों से कहीं ज्यादा चहल-पहल रही और उपभोक्ताओं ने जमकर खरीदारी की।
जीएसटी में मिली दरों की छूट से लोगों को उल्लेखनीय लाभ हुआ। अलग-अलग सेक्टरों में हुई खरीदारी से शहरवासियों ने लगभग 17 करोड़ रुपये की बचत की। इसमें सबसे अधिक फायदा ऑटोमोबाइल सेक्टर, स्वास्थ्य और जीवन बीमा के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर देखने को मिला।
1200 कार और 2500 से ज्यादा बाइक बिक गई
नवरात्र के पहले दिन आम तौर पर ऑटो- मोबाइल सेक्टर में खरीदारी होती है लेकिन जीएसटी स्लैब कम होने से शोरूम में दिवाली और धनरतेस वाली भीड़ देखने को मिली। कार के एक-एक शोरूम पर 40 से 70 गाड़ियां तक बिकी है। शहर के करीब 40 शोरूम से मिलाकर 1200 गाड़ियों की डिलीवरी गई है। इसमें ज्यादातर गाड़ियां 10 लाख या उससे ज्यादा की रही। इंडस्टि्रयल एरिया फेज वन स्थित टाटा मोटर्स के वीपी समीर ठाकुर ने बताया कि उनके यहां करीब 75 गाड़ियों के ऑर्डर है। उम्मीद है कि 40 से 50 गाड़ियां एक दिन में ग्राहकों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि टाटा में पंच गाड़ी जो पहले 10 लाख 31 हजार रुपये के करीब थी अब उसका रेट 9 लाख 44 हजार रुपये तक पहुंच गया है। ग्राहक को सीधे तौर पर 87 हजार रुपये का फायदा हुआ है। इसके अलावा कंपनियां और शोरूम मालिक 15 से 25 हजार रुपये की अतिरिक्त छूट दे रहे हैं। कुल छूट करीब 1 लाख 10 हजार रुपये तक पहुंच रही है।
शहर में 1200 से ज्यादा कार बिकने की उम्मीद है। ऐसे में एक कार से अगर औसतन 85 हजार रुपये से ज्यादा की बचत होती है। केवल कारों की खरीद में लोगों के 10 करोड़ 20 लाख रुपये से ज्यादा की बचत हुई है। ऐसे ही हीरो और टीवीएस जैसे बाइक कंपनियां के शोरूम काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिली। एक लाख रुपये तक की बाइक पर 6 से 7 हजार रुपये तक की छूट मिल रही थी। शोरूम पर कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि खरीदारी करने के बाद पूछने वालों की संख्या भी काफी है। शहर में करीब 2500 गाड़ियों के बिकने की उम्मीद है। ऐसे में देखा जाए तो बाइक में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की न्यनूतम बचत हुई है। ऑटो-मोबाइल सेक्टर से कुल करीब 11 करोड़ 70 लाख रुपये की बचत होती नजर आ रही है।
इलेक्ट्रानिक और बीमा में मिली काफी छूट
इसके अलावा सबसे ज्यादा लाभ इलेक्ट्रानिक सामान टीवी- फ्री और बीमा करने वालों को मिला। इलेक्ट्रानिक कारोबारी अजय झा ने बताया कि आम दिनों की तुलना में करीब 20 फीसदी ज्यादा कस्टमर पहुंचे। हालांकि छूट की जानकारी करने वाले उससे भी ज्यादा कस्टमर आए। जो टीवी वह 45 हजार रुपये में देते थे अब वह 40 हजार रुपये में बिका है। ऐसे ही स्वास्थ्य और जीवन बीमा कराने वालों को बहुत लाभ हुआ है। स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर अब तक 18% जीएसटी लगता था, लेकिन अब इसे शून्य कर दिया गया है। इससे 25,000 के प्रीमियम पर 4500 तक की सीधी बचत होगी। अगर किसी के बीमा का बेस प्राइस 25 हजार रुपये है तो 18 फीसदी जीएसटी के साथ 4500 रुपये अतिरिक्त देना पड़ता था लेकिन अब शून्य जीएसटी कर दिया गया है तो 25000 रुपये ही देने होंगे।
जानकारों का कहना है कि इस दोनों सेक्टर को मिलाकर लोगों के करीब 3 करोड़ रुपये की बचत हुई है। इसके अलावा जनरल स्टोर, स्टेशनरी, मेडिकल और बाकी सेक्टर को मिला दिया जाए तो चंडीगढ़ में जीएसटी छूट की वजह से लोगों के 17 करोड़ रुपये से ज्यादा बचे है।