सीटीयू की मिडी 49 बसें इस वर्ष आ जाएंगी। बसों की पर्चेज आर्डर के लिए सीटीयू ने फाइनेंस डिपाटमेंट(एफडी) को फाइल भेज दी है।
जानकारी के अनुसार वित्त विभाग वीरवार या शुक्रवार तक फाइल क्लीयर कर सीटीयू को वापस कर देगी। इसके बाद टाटा मोटर्स को सीटीयू पर्चेज आर्डर की कापी देगी। पर्चेज आर्डर मिलने के 150 दिनों के अंदर टाटा मोटर्स को सभी बसें सीटीयू को देनी होगी।
इसके पहले सीटीयू गोवा स्थित टाटा मोटर्स के उत्पादन स्थल जाकर बसों की जांच करेंगे। सीटीयू ने नौ जनवरी को फाइनेंशियल बिड खोला था। इसमें टाटा मोटर्स के रेट सबसे कम 29.47 लाख रुपये थे।
तीन जांच की जाएंगी
जानकारी के अनुसार सीटीयू के अधिकारी तीन बार गोवा जाकर बसों की जांच करेंगे। पहली जांच बसों की ढांचा तैयार होने पर, दूसरी जांच सीटें, और सभी काम होने पर पेंट होने से पहले और तीसरी जांच पेंट होने के बाद। तीसरी जांच से संतुष्ट होने पर ही टाटा मोटर्स कंपनी गाड़ी भेजेगी।
होगी सुविधा और खासियत
बसें अब शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम का कारण नहीं बनेगी। प्रशासन अब मिडी बसें खरीद रहा है इसकी लंबाई 9.2 मीटर होगी। ड्राइवर सहित 32 सीटर बस है।
इन मिडी बसों का पिछला दरवाजा पिछले टायर के पीछे होगा। इसमें खास बात है कि अगर कोई यात्री पिछले दरवाजे से चढ़ता हुआ गिर जाता है तो उसे टायर से कोई नुकसान नहीं होगा।
पुरानी लंबी में टायर के आगे दरवाजा बना हुआ है। इसी वजह से 17 वर्षीय अनुपमा की भी मौत हो गई थी। अनुपमा भी बस में चढ़ते वक्त गिर गई थी और टायर उसके पैर के ऊपर चढ़ गया था।
खासियत...
- साढे़ 9.2 मीटर लंबाई
- फ्रंट इंजन
- 33की सीटिंग कैपेसिटी
- 5 किमी की माइलेज
पर्चेज आर्डर की फाइल फाइनेंस डिपार्टमेंट को भेज दिया गया है। वहां से मंजूरी मिलने पर टाटा कंपनी को पर्चेज आर्डर दिया जाएगा। पर्चेज आर्डर मिलने के 150 दिनों के अंदर बसें आ जाएंगी। 49 बसें आएंगी। इस पर 14.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
एसपी परमार, महाप्रबंधक चंडीगढ़ ट्रांसपोट अंडरटेकिंग।
पर्चेज आर्डर मिलने पर उचित समय पर बसें उपलब्ध कराई जाएगी। सीटयू को गाड़ी बनाकर दिखाएंगे। उसके बाद पास होने पर बसें आएंगी। अलगे सप्ताह तक पर्चेड आर्डर मिलने की संभावना है।
तेजिंदर सिंह, सेल्स मैनेजर, टाटा मोटर्स चंडीगढ़।