डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ दो दिन की नवजात बच्ची का शव मिला है। सफाई कर्मियों ने नवजात को कपड़े में लिपटे कूड़े के ढेर में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 के मोर्चरी रखवा दिया है। मलोया थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार सुबह करीब 11.45 बजे की है। सूचना मिली कि डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में कुछ लोग कूड़े उठा रहे थे। उन्होंने देखा कि एक नवजात बच्ची कपड़े में लिपटी हुई है। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पीसीआर और मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
नवजात के मुंह में एक पीले रंग का कपड़ा ठूसा हुआ था। पुलिस ने नवजात को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने वहां पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए लेकिन अभी तक साफ नहीं हो सका कि बच्ची को वहां पर कौन फेंक गया। बताया गया कि नवजात दो दिन की लग रही है।
अस्पतालों का खंगाला रिकॉर्ड
नवजात का शव मिलने के बाद पुलिस टीम हरकत में आई। पुलिस ने एरिया और आसपास के अस्पताल में पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस अस्पताल में होने वाले डिलीवरी की लिस्ट भी निकलवा रही है ताकि कुछ सुराग लग सके। पुलिस का कहना है नवजात के शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।