ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए खबर, चार महीने से बंद नेपली ट्रैकिंग इस बार होने जा रही है, वो भी विदेशियों के साथ। जाना चाहते हैं तो जल्दी से नाम लिखवाएं। ट्रैकिंग की शुरुआत दो अक्तूबर से हो रही है। इस बार ट्रैकिंग का लुत्फ कुछ अलग ही होगा। दरअसल शहरवासियों के साथ करीब 250 विदेशी मेहमान भी होंगे।
ये मेहमान 15 अलग-अलग देशों के होंगे, जो शहर में 29 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलने वाले ग्लोबल यूथ पीस फेस्ट हिस्सा लेने के लिए चंडीगढ़ आ रहे हैं। नेपली से कांसल जंगल तक होने वाली ट्रैकिंग मानसून की वजह से बंद थी। अब दो अक्तूबर से बड़ी ही गर्मजोशी के साथ खुलने जा रही है। ट्रैकिंग पर जाने के लिए दो अक्तूबर से पहले रजिस्ट्रेशन करवानी होगी।
पांच गोल्फ कार्ट अमेरिका से मंगवाए गए
ट्रैकिंग पर आने वाले लोगों के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। नेपली एंट्री गेट से ट्रैकिंग प्वाइंट तक लोगों को ले जाने के लिए गोल्फ कार्ट का बंदोबस्त किया जा रहा है। ये गोल्फ कार्ट अमेरिका से मंगवाए जा रहे हैं। प्रशासन के अधिकारियों की मानें तो एक गोल्फ कार्ट की कीमत करीब 5.50 लाख रुपये है। संभावना है कि 25 सितंबर तक गोल्फ कार्ट शहर में पहुंच जाएगी।
इन देशों से आ रहे हैं मेहमान
विदेशी मेहमान विशेष रूप से प्रशासन व एनजीओ युवसत्ता के सहयोग से हर साल आयोजित होने वाले ग्लोबल यूथ में हिस्सा लेने के लिए आ रहे हैं। उसके बाद वे ट्रैकिंग में हिस्सा लेंगे। इनमें अफगानिस्तान, अलबानिया, बांग्लादेश, भूटान, कनाडा, घाना, केन्या, मलयेशिया, मंगोलिया, नेपाल, नाइजीरिया, पाकिस्तान, श्रीलंका सहित अन्य देशों के 250 विदेशी मेहमान हैं।
ट्रैकिंग पर जाना है तो ऐसे करें अप्लाई
2 अक्तूबर को फोरेस्ट डिपार्टमेंट ट्रैकिंग शुरू करने चल रहा है। वाइल्डलाइफ ट्रैकिंग में अगर कोई शामिल होना चाहता है, तो वे अपना नाम ई-मेल forestchandigarh@gmail.com पर भेज सकता है। इसके अलावा सेक्टर 19 स्थित फारेस्ट डिपार्टमेंट में अपना नाम जमा करवा सकता है।