रॉक गार्डन में फ्रेंच प्रेसीडेंट ओलांद और पीएम मोदी की मीटिंग चल रही थी, बाहर रॉक गार्डन के निर्माता पद्मश्री नेकचंद के परिवार का अपमान हो रहा था। एनएसजी ने उनके बेटे अनुज सैनी के साथ बदसूलकी की।
रॉक गार्डन में फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजिट के मद्देनजर चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से अनुज सैनी को आमंत्रित किया गया था। लेकिन वहां पर तैनात एनएसजी के जवानों ने उन्हें बाहर जाने को कह दिया।
परिचय देने के बावजूद उन्हें वहां से बाहर कर दिया गया। रॉक गार्डन के फेज- 3 में मोदी को पहुंचना था। अनुज सैनी वहां प्रशासन द्वारा भेजे गए आमंत्रण पत्र के साथ वहां पहुंचे। उनको एनएसजी के जवानों ने उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया।
अनुज सैनी ने बताया कि उन्होंने एनएसजी के जवानों को अपना परिचय दिया। लेकिन सुरक्षा गार्डों ने उनकी एक न सुनी और वहां से भगा दिया। सैनी ने बताया कि वह यहां पर फ्रांस केराष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद केआने को लेकर पिछले 10 दिन से तैयारी करवा रहे थे। यहां का मेंटिनेंस के काम का जिम्मा उन्होंने संभाला था।
सलाहकार और गृह सचिव ने जताया अफसोस
अनुज सैनी ने कहा कि उनको इस तरह के अपमान की उम्मीद नहीं थी। मेरे पिता के बनाए गए गार्डन का नाम देश के साथ विदेशों मे है। यह एक पर्यटन स्थल के रूप में है। शहर में आने वाले सभी लोग इसे देखना पसंद करते हैं। रॉक गार्डन में मेरे साथ इस तरह का सुलूक किया गया है। इससे मै बहुत आहत हूं। हालांकि इस मामले की जानकारी जब एडवाजर विजय देव और चंडीगढ़ प्रशासन के गृहसचिव अनुराग अग्रवाल को हुई तो इस पर अफसोस जाहिर किया है।