नई दिल्ली। स्नातक मेडिकल पाठयक्रमों में दाखिले की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश (नीट यूजी ) परीक्षा 2025 चार मई को होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने ओएमआर आधारित पेन-पेपर की नीट यूजी 2025 की परीक्षा का शेड्यूल जारी किया है। आवेदन के लिए ऑनलाइन विंडो ओपन हो गई है।
इच्छुक उम्मीदवार 7 मार्च तक आवेदन भर सकते हैं। परीक्षा का परिणाम 14 जून को जारी होने की संभावना है। इसकी मेरिट से एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीयूएमएस,बीएसएमएस के अलावा 4 वर्षीय बीएससी डिग्री में सीट मिलेगी। खास बात यह है कि नीट यूजी 2025 की परीक्षा में छात्रों को तीन घंटे में 180 अनिवार्य प्रश्नों का उत्तर देना होगा। एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के निर्देश के तहत विभिन्न स्नातक मेडिकल पाठयक्रमों में दाखिले के लिए नीट यूजी 2025 का आयोजन ओएमआर आधारित पेन-पेपर और एक ही शिफ्ट में आयोजित करने का फैसला लिया गया है। पिछले सालों में भी परीक्षा इसी पैटर्न पर आयोजित होती थी। नीट यूजी 2025 के लिए 7 मार्च तक आवेदन और 9 व 11 मार्च के बीच आवेदन पत्र की त्रुटियों में सुधार कर सकेंगे। इसकी मेरिट से विभिन्न स्नातक मेडिकल पाठयक्रमों के अलावा राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के तहत बीएचएमएस पाठयक्रम में प्रवेश के लिए भी लागू होगा। इसके अलावा सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा अस्पतालों में आयोजित किए जा रहे बीएससी नर्सिंग पाठयक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को नीट यूजी 2025 क्वालिफाई करना जरूरी होगा। नीट यूजी 13 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। छात्र अपनी मातृभाषा के आधार पर भाषा का चयन कर सकते हैं।