चंडीगढ़। एनडीए की रविवार को हुई परीक्षा में 50 फीसदी गैर हाजिर रहे। 20 केंद्रों पर हुई परीक्षा में लगभग छह हजार विद्यार्थी शामिल हुए। इसमें चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के छात्र शामिल हुए। पिछले साल की अपेक्षा इस साल पेपर सरल आया। ऐसे में पेपर देने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए। लॉकडाउन के कारण भी छात्रों को कोई परेशानी नहीं हुई। अभिभावक भी उनके साथ आए हुए थे।
एनसीईआरटी की किताबों से थे सवाल
परीक्षा दो पालियो में हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक हुई। पहला पेपर गणित का था, जिसमें प्रश्न सरल आए और विद्यार्थियों ने आसान से हल कर लिया। दूसरा पेपर दोपहर ढाई बजे से था। यह पेपर जनरल एबिलिटी टेस्ट का रहा। इसमें 150 प्रश्न आए थे। 50 प्रश्न अंग्रेजी से पूछे गए थे और बाकी 100 प्रश्न जनरल स्टडी के थे, जिसमें सभी विषय शामिल रहे। सवाल एनसीईआरटी की पुस्तकों से पूछे गए थे। विद्यार्थियों का कहना था कि पेपर हल करने में काफी समय मिल गया, सभी सवाल हल किए। उन्हें आशा है कि सफलता उनके कदमों को चूमेगी।
कोरोना के चलते कई छात्रों ने परीक्षा छोड़ी
शिक्षाविद् कुणाल सिंह का कहना है कि इस बार का पेपर पिछले साल के एनडीए के पेपर से सरल था। सीडीएस 2021 की जो परीक्षा हुई थी उसमें से भी कुछ प्रश्न इस परीक्षा में पूछे गए। जैसे टमाटर में कौनसा एसिड होता है। यह दोनों परीक्षा में शामिल था। बौद्ध धर्म से जुड़े भी कई सवाल थे। उन्होंने बताया कि इस बार कटऑफ 370 तक रहेगी जो पिछले साल 350 तक थी। कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा कोरोना के कारण भी छोड़ी है। इसलिए उपस्थिति कम रही।
लॉकडाउन के कारण नहीं हुई दिक्कतें
सेक्टर- 38 मॉडल स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे छात्र हिमांशु गौतम, विक्रम शर्मा का कहना है कि गणित के पेपर में कुछ सवाल जरूर उलझाऊ थे, लेकिन दिमाग लगाने के बाद अच्छे ढंग से हर किया। पिछले साल से इस बार पेपर सरल आया है। अंक ठीक आएंगे। लॉकडाउन के कारण चिंता हो रही थी कि कहीं परेशानी तो केंद्र तक पहुंचने में नहीं होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अभिभावक भी उनके साथ पहुंचे। मालूम हो कि परीक्षा देने के लिए हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के कई क्षेत्रों से विद्यार्थी अपने वाहनों से पहुंचे थे। अभिभावकों को भी केंद्र तक जाने दिया गया। छात्रों ने कोविड गाइड लाइन का पालन किया। वह मास्क लगाकर पहुंचे थे।