नवरात्र के मौके पर पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर में भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा भक्तों को भक्तिरस में डुबोएंगे। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की ओर से जागरण के लिए 13 अक्तूबर को भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा को बुलाया है।
साथ ही 14 अक्तूबर को भजन गायक सिद्धार्थ मोहन भजनों से भक्तों का मनोरंजन करेंगे। नवरात्र के दौरान श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड मंदिर में जागरण का आयोजन करेगा।
यह जागरण शाम आठ बजे से रात बारह बजे तक चलेगा। 14 अक्तूबर को आर्ट ऑफ लीविंग गुरु श्री श्री रविशंकर के शिष्य सिद्धार्थ मोहन की भक्ति, आध्यात्म और सूफी गायकी से सजी भक्तिमय संध्या का आयोजन किया जाएगा।
मुंडन घाट तैयार
श्री माता मनसा देवी मंदिर का मुंडन घाट तैयार कर लिया गया है। नवरात्र के दौरान लोग यहां मुंडन आदि कराते हैं। मुंडन घाट पर बैठने की व्यवस्था बेहतर कर दी गई है। यहां पर चढ़ावा गिनने के लिए काउंटिंग रूम और गहने रखने के लिए स्ट्रांग रूम भी तैयार किया गया है।
13 को आएंगे सीएम
पंचकूला के श्री माता मनसा देवी मंदिर में सुबह नौ बजे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर आएंगे। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने कहा कि हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी 21 अक्तूबर को श्री माता मनसा देवी मंदिर में आएंगे।