आज-कल करते करते कई तारीखें बीत गई लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू अभी तक कांग्रेस के पंजे में नहीं आए है। मशहूर क्रिकेटर और पूर्व बीजेपी नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने ये तो बता दिया कि वह कांग्रेस में शामिल होंगे, लेकिन कब होंगे ये अभी तक सस्पेंस बना कर रखा हुआ है।
पहले खबरें थीं कि वह 9 जनवरी को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं। फिर 9 जनवरी की शाम को खबर आई कि नवजोत सिद्धू 10 जनवरी को कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं लेकिन 10 जनवरी का दिन भी अटकलों के बीच निकल गया। बता दें कि सिद्धू की ज्वाइनिंग महज एक औपचारिकता ही है, क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले ही यह कह दिया है कि सिद्धू कांग्रेस की टिकट पर पूर्वी अमृतसर से चुनाव लड़ेंगे।
एक हिंदी टीवी चैनल से बात करते हुए कांग्रेस के सीएम पद के उम्मीदवार कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया है कि नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब का डिप्टी सीएम बनाने की कोई बात नहीं हुई है। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले है, यह बात सबसे पहले सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने एक प्रेस वार्ता में कही थी।