नवजोत सिद्धू पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के साथ
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब में लंबे समय तक भाजपा का चेहरा रहे नवजोत सिंह सिद्धू के पार्टी छोड़ने के करीब एक माह बाद उनकी पत्नी नवजोत कौर ने भी भाजपा को अलविदा कह दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। सिद्धू दंपती पंजाब की राजनीति में अब नया अध्याय जोड़ने का मन बना चुका है।
क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के 18 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही यह साफ हो गया था कि सिद्धू अब ज्यादा समय तक पार्टी के साथ नहीं रहेंगे। ऐसे में भाजपा से ही विधायक उनकी पत्नी नवजोत कौर के भी पार्टी छोड़ने की चर्चा होने लगी थी।
नवजोत सिंह सिद्धू ने 14 सितंबर को भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए पूर्व हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह के साथ अपनी नई पार्टी आवाज-ए-पंजाब बना ली है। हालांकि सिद्धू के आम आदमी पार्टी में जाने की भी चर्चा रही, लेकिन नई पार्टी के एलान के बाद इस पर विराम लग गया। अब उनकी पत्नी नवजौत कौर के भाजपा से इस्तीफे के बाद माना जा रहा है कि सिद्धू एक-दो दिन में पंजाब विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की भूमिका को लेकर बड़ा एलान कर सकते हैं।