एक बार फिर भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू की टिकट न देने से नाराजगी साफ दिखी। जब वो मतदान करने अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र अमृतसर नही पहुंचे।
दरअसल पूर्व क्रिकेटर और सांसद नवजोत सिंह सिद्धू को अकाली दल के वरिष्ठ नेता और भाजपा के कुछ नेताओं के विरोध की वजह से अमृतसर से टिकट नहीं मिला। सिद्धू विरोध न कर सके इसके लिए अमृतसर से उनके राजनीतिक गुरु अरूण जेटली को उम्मीदवार बनाया गया था।
न प्रचार में और न ही मतदान में दिखे सिद्धू
उस समय सिद्धू ने कहा भी था कि वो अपना समर्थन अपने राजनीतिक गुरु अरूण जेटली को देंगे। लेकिन पूरे चुनाव प्रचार के दौरान जेटली के पक्ष में प्रचार करने न तो सिद्धू अमृतसर पहुंचे और न ही मतदान के दिन वो दिखाई दिए।
इससे यही कयास लगाए जा रहे हैं कि सिद्धू की नाराजगी दूर नहीं हुई है। उधर अमृतसर से भाजपा प्रत्याशी और राज्यसभा में नेता विपक्ष अरुण जेटली मतदान के लिए सुबह ही अहमदाबाद चले गए।
पंजाब के इन दिग्गजों ने यहां डाले वोट
पंजाब के सभी प्रत्याशियों और दिग्गजों ने अपने गृहक्षेत्र में वोट डाले। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, डिप्टी सीएम सुखबीर बादल, हरसिमरत कौर ने बादल गांव के बूथ नंबर 110 पर सुबह नौ बजे वोट डाले।
इससे पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मनप्रीत बादल ने मतदान किया। एसजीपीसी प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने लुधियाना में, विदेश राज्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी परनीत कौर ने बहू और बेटी संग पटियाला में, अयाली ने दाखा में और बैंस आत्मनगर में, प्रताप बाजवा ने गुरदासपुर में वोट डाले। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मतदान करने पटियाला नहीं पहुंचे।