हरियाणा आप के प्रदेश प्रधान नवीन जयहिंद
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा है कि हरियाणा में पार्टी के प्रकोष्ठों का नए सिरे से गठन किया जाएगा। पार्टी की ओर से युवाओं तथा महिलाओं को अपने साथ जोड़ते हुए अन्य सभी विंग गठित होंगे। उनका दावा है कि हरियाणा में मजबूत विपक्ष की भूमिका अदा की जाएगी।
वीरवार को यहां पत्रकार वार्ता में नवीन जयहिंद ने कहा कि आज हरियाणा में सरकार तथा विपक्ष के नाम पर कुछ नहीं है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और प्रदेश का हर वर्ग सरकार से दुखी है। इनेलो को भाजपा की बी-टीम करार देते हुए जयहिंद ने कहा कि आज भाजपा इनेलो को आगे रखकर कांग्रेस की घेराबंदी कर रही है।
हरियाणा में हाल ही में हुए आरक्षण आंदोलन के लिए सीधे तौर पर भाजपा, कांग्रेस व इनेलो को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि तीना राजनैतिक दलों ने अपने हितों को साधने के लिए इस प्रदेश को फूंकने का काम किया है। इस आंदोलन से पूरे प्रदेश में जातिवाद का जहर घुला है। प्रदेश को जातिवाद के नाम पर बांटने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
नवीन जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा हरियाणा में जल्द ही जातिवाद के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करेगी। जिसमें लोगों को जातिवाद से उपर उठकर भाईचारा मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा वहीं भाजपा सरकार की असफलताओं के बारे में प्रदेश की जनता को बताया जाएगा। इस अभियान के दौरान लोगों को दिल्ली सरकार की विकास योजनाओं के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा।