जीजीडीएसडी कॉलेज के प्रो. नवनीत बत्रा की शोध टीम ने खोजा सिंथेटिक रंगों का विकल्प
उच्च तापमान और अम्लीय-क्षारीय परिस्थितियों में भी स्थिर रहा पिगमेंट, एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण भी मिले
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। कपड़ों और खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले सिंथेटिक रंगों का विकल्प अब फंगस से तैयार किया जा सकेगा। गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज (जीजीडीएसडी), सेक्टर-32 के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रोफेसर नवनीत बत्रा और उनकी शोध टीम ने फंगस की विशेष प्रजाति से प्राकृतिक लाल रंग तैयार किया है। शोध में यह रंग उच्च तापमान और अम्लीय-क्षारीय परिस्थितियों में भी स्थिर पाया गया। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गतिविधियां भी मिली हैं।
शोध के शुरुआती चरण में फंगस के 15 नमूनों की जांच की गई। इनमें एडब्ल्यू-2 सबसे प्रभावी पाया गया। आणविक पहचान और माइक्रोबियल विश्लेषण के बाद इसकी पहचान टैलारोमाइसेस वेरुकोलोसस एबी-21 के रूप में हुई। टीम ने तापमान, पीएच और पोषण माध्यम को अनुकूलित कर रंग उत्पादन बढ़ाया। इसके बाद 90 प्रतिशत इथेनॉल की मदद से गाढ़ा प्राकृतिक लाल अर्क निकाला गया।
एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण भी मिले
रंग के रासायनिक ढांचे की पहचान के लिए एफटीआईआर और एनएमआर स्पेक्ट्रोस्कोपी जांच की गई। विश्लेषण में यह एज़ाफिलोन्स पिगमेंट परिवार से संबंधित पाया गया। इसके गुण मोनास्कोरुब्रोमाइन और रुब्रोपंक्टामाइन जैसे प्राकृतिक वर्णकों से मिलते-जुलते हैं। परीक्षण में इसने ग्राम-पॉजिटिव और ग्राम-नेगेटिव दोनों तरह के बैक्टीरिया के खिलाफ गतिविधि दिखाई। साथ ही फ्री रेडिकल्स को निष्क्रिय करने की क्षमता भी मिली।
सूती कपड़ों पर रंग की पकड़ अच्छी
टीम ने सूती कपड़ों और अन्य धागों पर रंग का परीक्षण किया। इसमें रंग की पकड़ और चमक अच्छी पाई गई। प्रो. नवनीत बत्रा के अनुसार, यह खोज कपड़ा उद्योग में रासायनिक डाई के पर्यावरण अनुकूल विकल्प की संभावना पैदा करती है। इसके गुणों को देखते हुए खाद्य उद्योग में प्राकृतिक फूड कलर और प्रिजर्वेटिव के रूप में भी इस्तेमाल की संभावनाएं हैं। बड़े स्तर पर व्यावसायिक उत्पादन की दिशा में यह शोध महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।