चंडीगढ़। पीजीआई में बुधवार को संविधान दिवस मनाया गया। डायरेक्टर प्रो. विवेक लाल ने कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए संविधान की प्रस्तावना और राष्ट्रीय प्रतिज्ञा का पाठ करवाया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि नागरिक और स्वास्थ्यकर्मी के रूप में अपने कर्तव्यों को फिर से समझने का अवसर है।
कार्यक्रम में प्रो. आर.के. राठौ, पंकज राय, रविंदर सिंह सहित फैकल्टी, रेजीडेंट डॉक्टर, नर्सिंग और गैर-शिक्षण कर्मचारी शामिल हुए। प्रो. लाल ने कहा कि न्याय, समानता और सेवा जैसे संवैधानिक मूल्य रोजमर्रा के कामकाज में पीजीआई का मार्गदर्शन करते हैं और मरीज-केन्द्रित सेवा तथा नैतिक आचरण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि पीजीआई जैसे संस्थानों की जिम्मेदारी है कि सभी के लिए समान और समावेशी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम का समापन संवैधानिक आदर्शों पर दृढ़ आस्था और उन्हें संस्थान के हर कार्यक्षेत्र में लागू करने के संकल्प के साथ हुआ।