छापेमारी के दौरान घर के बाहर बैठे पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बटाला के मोहल्ला बाऊली इंद्रजीत क्षेत्र में केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने मंगलवार को एक घर में छापेमारी की। इस दौरान एनआईए की टीम ने घर की दीवार को फांद कर घर में प्रवेश किया। इसी दौरान किसी को न तो अंदर आने दिया और न ही बाहर जाने दिया गया। मीडिया से पूरी टीम ने दूरी बनाए रखी। वहीं इस छापेमारी के बारे में किसी ने कोई आधिकारिक पुष्टि नही की।
कोई भी इसके बारे में जानकारी देने को भी तैयार नहीं है। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि जिस घर में टीम ने छापेमारी की है, वह घर चार्टर्ड अकाउंटेंट का है। हालांकि टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार टीम ने उक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर की पूरी तलाशी ली। कुछ दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। करीब तीन से चार घंटे तक घर की जांच के बाद एनआईए की टीम ने चार्टर्ड अकाउंटेंट के दफ्तर में भी तलाशी ली।