हरियाणा इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी विभाग और एलेट्स टेक्नोमीडिया द्वारा 7-8 फरवरी को यूटी गेस्ट हाउस में ई-हरियाणा विषय पर नेशनल कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी।
कांफ्रेंस का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। कांफ्रेंस के दौरान प्रशासन और आईटी इंडस्ट्री के प्रतिनिधि आम लोगों को सेवाओं की ई-डिलीवरी पर चर्चा करेंगे।
ई-हरियाणा का मकसद जनता को सेवाएं देने और प्रशासन के कामकाज में कुशलता व पारदर्शिता लाना है। कांफ्रेंस के दौरान ई-गवर्नेंस प्रयासों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
नेशनल ई-गवर्नेंस प्लान के तहत इलेक्ट्रॉनिक सिटिजन सर्विसेज डिलीवरी का दायरा बढ़ान के प्रयास किए जा रहे हैं। ताकि आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं आधुनिक रूप में दी जा सकें। जिसके लिए ग्रामीण और शहरी कॉमन सर्विस सेंटर्स में सभी सेवाएं कंप्यूटराइज्ड प्रक्रिया में दी जाएंगी।
राज्य सरकार जल्द ही इंटिग्रेटेड विलेज इन्फॉर्मेशन एंड सर्विसेज सिस्टम भी शुरू करेगी। अभी इसका पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है, सफलता के आधार पर पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
ई-हरियाणा में आईवीआईएसएस और सीएससी पर भी विचार किया जाएगा। उद्घाटन सत्र को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी विभाग के सचिव जे सत्यनारायण, हरियाणा के विकास और प्रशासनिक सुधार सलाहकार पीके चौधरी, मुख्य सचिव एससी चौधरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वाईएस मलिक भी संबोधित करेंगे।