‘पगड़ी- द ऑनर कहानी में दम हो तो दर्शक खिंचे चले आते हैं। कहानी ऐसी होनी चाहिए, जिससे दर्शकों के मन पर एक विशेष छाप लगे। ऐसी ही कहानी पगड़ी फिल्म की भी है, एक बार जब सिनेमा घर में लगेगी तो दर्शकों को हिलने नहीं देगी।
यह कहना है फिल्म के लिए बेस्ट स्पोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड जीतने वाली बलजिंद्र कौर का। बलजिंद्र कौर पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ी- लिखी हैं। फिल्म में वे नायक की मां का रोल निभा रही हैं।
फिल्म 2016 में रिलीज होगी। नेशनल अवार्ड के लिए अभिनेत्री बलजिंद्र कौर का बेस्ट स्पोर्टिंग अवार्ड के लिए बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री तब्बू और किरण खेर के साथ मुकाबला हुआ। जिसमें बलजिंद्र कौर ने बाजी मारी है।
नेशनल फिल्म अवार्ड विजेता हरियाणवी-हिंदी भाषा में बनी फिल्म ‘पगड़ी- द ऑनर' के डायरेक्टर राजीव भाटिया ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि यह मान-सम्मान की कहानी है, इसमें छोटे-बड़ों के सम्मान को लेकर फिल्म तैयार की गई है। फिल्म को रोचक बनाने के लिए काफी मेहनत की गई है। अंतर्राष्ट्रीय स्टेंडर्ड की फिल्म बनाई गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लेवल पर अवार्ड मिलना तो पहला पड़ाव है।
यह है फिल्म की विशेषता
भाटिया बताते हैं कि हर किसी के मान-सम्मान को लेकर बनाई गई इस सिंपल लव स्टोरी रूपी फिल्म में एक भी गाना नहीं है। फिल्म के सभी 30 कलाकार हिसार के हैं। उनसे इंटरनेशनल लेवल का काम लिया गया है।
30 में से केवल दो कलाकारों ने ही पहले काम किया था जबकि बाकी 28 कलाकारों ने पहली बार ही किसी फिल्म में अभिनय किया है। फिल्म को इसे क्षेत्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में भेजा जा रहा है। 2016 में इसके सिनेमाघरों में आने की संभावना है।
गांव काजला में भी हुई शूटिंग
डायरेक्टर भाटिया का कहना है कि इस फिल्म की सारी शूटिंग हिसार में हुई है। हिसार के डॉ.चावला के बंगले में फिल्म को शूट किया गया। इसके अलावा कुछ शूटिंग सेक्टर 16 स्थित पुलिस स्टेशन में भी हुई। बाकी गांव काजला की गलियों और खेतों में भी फिल्म के कुछ दृश्यों को शूट किया गया है।
सरकार से मिले सहायता तो और आगे बढ़ सकते हैं
भाटिया कहते हैं कि हरियाणा में प्रदेश सरकार की फिल्मों से संबंधित कोई पॉलिसी नहीं है, अगर हरियाणा में बनने वाली फिल्मों को आर्थिक सहायता मिले तो बेहतर परिणाम निकाला जा सकता है।
कई बार कॉमर्शियल लेवल पर फिल्म इसलिए दम तोड़ जाती है क्योंकि आर्थिक तौर पर मजबूती नहीं मिल पाती है, अगर सरकार सहयोग करे तो यह कारवां और आगे बढ़ सकता है। लेकिन पगड़ी फिल्म को कॉमर्शियल तौर पर भी कामयाब बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।
इंटरनेशनल लेवल पर ले जाएंगे फिल्म
अपने आगामी प्रोजेक्टस के बारे में राजीव भाटिया कहते हैं कि फिलहाल यह फिल्म कंपलीट की है, इसलिए इसी फिल्म को आगे बढ़ा रहे हैं। नेशनल लेवल के साथ-साथ इंटरनेशनल लेवल पर भी फिल्म को ले जाया जाएगा। फिल्म फेस्टिवल्स में फिल्म लेकर जाएंगे।