देश के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह का शहर के लोगों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
क्रिकेट मैच की तरह ही इस समारोह को भी जगह-जगह स्क्रीन लगाकर लाइव दिखाया गया। भाजपा कार्यालय सेक्टर-33 में भी स्क्रीन लगाई गई, जहां काफी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। पार्टी के प्रदेश महासचिव प्रेम कौशिक ने बताया कि जैसे ही मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली वैसे ही पार्टी कार्यालय में मिठाई बांटी गई।
वहीं, सेक्टर-15 की मार्केट में भी स्क्रीन लगाई गई थी। स्थानीय पार्षद सौरभ जोशी ने बताया कि यहां चाय विद मोदी सरकार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सैकड़ों की संख्या में लोग यहां मौजूद थे। लोगों के लिए यहां चाय की भी व्यवस्था की गई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन भी यहां पहुंचे। वहीं भाजपा पार्षद राजिंदर कौर रत्तू भी कार्यक्रम में पहुंची।