फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांधी के बाद मोदी ने कांग्रेस से नेहरू-इंदिरा भी छीने!

Tue, 07 Oct 2014 12:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव से पहले ही गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत अभियान शुरू करने वाले नरेंद्र मोदी ने अब नेहरू-इंदिरा के नाम कैश करने का प्लान बना लिया है।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री मोदी ने सफाई अभियान का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी का भी नाम लिया। मोदी ने कहा कि 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 125वीं जयंती है। नेहरू जी को बच्चे बहुत प्रिय थे। वे बच्चों के चाचा नेहरू थे। उनकी जयंती पर हम बच्चों को सफाई के प्रति जागरूक करें।

पूरे देश में राज्य और केंद्र सरकार मिलकर इस अभियान में जुटे और 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती तक ये सफाई अभियान चलाया जाए। मोदी ने कहा कि मेरी सरकार सबको साथ लेकर चलती है।
विज्ञापन


कांग्रेस के मित्रों को भी नेहरू जी के जन्मदिन पर आगे बढ़कर इस अभियान को सफल बनाना चाहिए। हम अपने-पराए करने वाले लोग नहीं है। मैं कांग्रेस के मित्रों को कहना चाहता हूं कि अब आप खाली हो गए हैं, जहां बचे हैं वहां भी खाली हो जाएंगे।"

'कौन बनेगा अरबपति' खेल रहे हुड्डा के मंत्री

पीएम मोदी ने हुड्डा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमिताभ बच्चन टीवी पर 'कौन बनेगा करोड़पति' खेलते हैं, जबकि हुड्डा सरकार के मंत्री मेरे साथ 'कौन बनेगा अरबपति' खेल रहे हैं।

कांग्रेस ने जो भ्रष्टाचार का कीचड़ फैलाया है, उसमें भारतीय जनता पार्टी ने शुद्धि का कमल खिलाया है। मोदी के मुताबिक, अब वही कमल हिसार में भी खिलेगा।

जब देश के मतदाताओं ने केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई तो पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा। अब हरियाणा में भी मतदाता पूर्ण बहुमत वाली बीजेपी की सरकार बनाएं। इसके अलावा मोदी ने परिवारवाद पर भी कांग्रेस की मौजूदा राज्य सरकार को जमकर कोसा।

दामाद जी को जमीन देने का काम फाइनल

हरियाणा के हिसार की चुनावी रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने राबर्ट वाड्रा के बहाने सोनिया गांधी और सीएम हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि हुड्डा जी ने मान लिया है कि हरियाणा में उनकी हार तय है।

हुड्डा ने दामाद जी को जमीन देने का काम फाइनल कर दिया है. उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए यह काम किया है, उनपर उपर से डंडा चला है, वे जानते हैं चुनाव के बाद हरियाणा में ये सब नहीं चलेगा। मुझे विश्वास है, चुनाव आयोग इस तरह के लाभप्रद निर्णयों पर जरूर गंभीरता से विचार करेगा।'

चौटाला पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि हरियाणा में सभी दल पैसे के ठेकेदार हैं और जेलों में जिंदगी गुजारते रहे हैं। रैलियां करके झूठ फैला रहे हैं। जेलों में बैठकर सत्ता पाने का सपना देख रहे हैं, फिर जिंदगी जेल में बीतने का रोना भी रो रहे हैं। क्या उन्हें नहीं पता कि जेलों में सजा मिलती है, सत्ता नहीं। मुझे जेलों में से सर्मथन की जरूरत नहीं। मुझे आपसे समर्थन चाहिए।

साफ-सुथरी सरकार है, साफ-सुथरी सरकार बनाऊंगा

मोदी ने कहा कि मेरी सरकार जनता के समर्थन से चल रही है। मुझे देश की सवा करोड़ जनता का साथ मिल गया है। अब मुझे जेलों से समर्थन नहीं चाहिए। गुंडों और म‌ाफियाओं का साथ नहीं चाहिए। मेरी सरकार साफ सुथरी है।

हरियाणा में भी साफ सुथरी सरकार बनाऊंगा। मोदी ने कहा कि मेरी सरकार विकास करने के लिए हरियाणा में चुनाव लड़ रही है। परिवारशाही का खात्मा करके लोकशाही स्‍थापित करने को चुनाव लड़ रही है। इसलिए झूठे, जेलों में बैठे लोगों की बातों में न आइए।

130 युवकों की शादियां किससे कराएगी कांग्रेस?

हरियाणा में लिंग अनुपात की स्थिति पर बोलते हुए मोदी ने कहा कि देश के सबसे खराब लिंग अनुपात वाले 15 जिलों में से 9 हरियाणा के जिले हैं। पिछले 10 सालों में कांग्रेस यह स्थिति तो बदल नहीं पाई है, विकास क्या खाक करेगी।

हरियाणा में 1000 युवाओं पर 870 युवतियां हैं। बाकी 130 युवकों की शादी किससे कराएगी कांग्रेस। हरियाणा की स्थिति काफी खराब है. क्या बेटियों को कोख में मार देना सही है सरकार आंख बंद करके इसे देखती रही लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जायेगा। मोदी ने कहा कि हरियाणा की मां-बहनों का भाई दिल्ली में बैठा है। किसी भी बेटी को गर्भ में मरने नहीं दूंगा। मां-बहनों से यह वायदा करता हूं। हरियाणा को कन्या भ्रूण हत्या के कलंक से मुक्त करके रहूंगा।

कांग्रेस का कमल के बिना गुजारा नहीं

कांग्रेस का कमल के बिना नहीं चलता। उसे कमल का सहारा चाहिए। मोदी की फोटो का सहारा चाहिए। यही कारण रहा कि कांग्रेस ने हमारे उम्मीदवार कमल गुप्ता के खिलाफ अस्पताल में काम करने वाले कमल नाम के ‌व्यक्ति को निर्दलीय उम्मीदवार बना दिया।

मोदी ने कहा मुझसे काम का हिसाब मांगने वालों को शर्म आनी चाहिए, वे जो काम 60 साल में नहीं कर पाये वह हमने 60 दिन में कर दिया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहररू का 125 वां जन्म दिवस है। इस अवसर पर सरकार बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरुगक करने का काम करेगी। यह कार्यक्रम 19 नवंबर इंदिरा गांधी के जन्म दिवस तक चलेगा।

हाईफाई का युग, वाईफाई-सफाई दोनों चाहिए

मोदी ने कहा कि हाईफाई का युग है तो वाईफाई भी चाहिए और सफाई भी। कांग्रेस लोगों को, किसानों को गुमराह कर रही है। 60 साल से किसानों को कह रही कि बिजली, पानी देंगे, लेकिन आज तक भी दे नहीं पाई।

भाजपा को देखिए, सरकार बनाते ही प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना लागू कर दी। इसके तहत हम गांव-गांव तक, खेत-खेत ‌तक बिजली, पानी पहुंचाएंगे। मोदी ने कहा कि किसान सुखी होगा तो गांव सुखी होगा। गांव सुखी होगा तो देख सुखी होगा। हमारी सरकार देश के हर ‌किसान को हर जरूरतमंद सुविधा उपल‌ब्‍ध कराएगी। ये मेरा सभी किसानों से वायदा है।

और अंत में मोदी की लोगो से अपील

पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा प्रत्याशियों को मंच पर बुलाया और लोगों से उन्हें भारी बहुमत से जिताने की अपील की।

साथ ही, एक विशेष आग्रह भी किया कि आप लोग रैली के बाद अपनी पानी की बोतलों को खुद ही उठाकर ले जाएंगे। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी की करनाल रैली के बाद लोग पानी की बोतलों को रैली स्थल पर ही फेंक गए, जिससे कि काफी गंदगी फैली थी। अमर उजाला.कॉम ने इस मुद्दे को सबसे पहले उठाया था।

कुरुक्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाना है

हरियाणा में हिसार के बाद अब कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की चुनावी रैली शुरू हो चुकी है। शुरुआत उन्होंने कुरुक्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र बनाने से ही है। मोदी ने कहा कि टैरेज्मि डिवाइड टूरिज्म, टूरिज्म डिवाइड टैरेज्मि, अर्थात टैरेज्मि बढ़ता है तो टूरिज्म खत्म होता है और टूरिज्म बढ़ते ही टैरेज्मि खत्म होने लगता है।

अकेला कुरुक्षेत्र ही ऐसा है, जहां से पूरा हरियाणा संचालित होता है। हरियाणा में ऐसी सरकार का क्या फायदा, जो मुझे यहां घुसने नहीं देगी। हरियाणा में भाजपा सरकार बनी तो इसका सीधा फायदा आपको मिलेगा। 5 साल बाद आप मुझसे भी हिसाब मांग सकते हैं और मेरी हरियाणा सरकार से भी।

कुरुक्षेत्र को बनाएंगे टूरिज्म का हब

कुरुक्षेत्र रैली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाने की बात कही। मोदी ने बताया कि वे अमेरिका गए तो ओबामा से कुरुक्षेत्र की बात की। चीन और जापान के प्रधानमंत्री आए तो कुरुक्षेत्र की बात कही।

मैंने तीनों को गीता भी भेंट की। मोदी ने कहा कि टूरिज्म एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कम पैसा लगता है और कमाई ज्यादा होती है। हमारी कमाई होगी, दूसरे देशों की संस्कृति, सभ्यता से मेल जोल।

मोदी ने कहा कि आतंकवाद बांटता है और टूरिज्म जोड़ता है। कुरुक्षेत्र को टूरिज्म का हब बनाया गया तो हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा। हरियाणा विदेशों से जुड़ेगा तो देश विदेशों से जुड़ेगा। लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

पूर्वजों की विरासत यहां आज भी मौजूद

नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो विरासत हमें दी है, वह आज भी मौजूद है और अपना अस्तित्व बनाए हुए है। आज भी इस विरासत से लोगों को रोजगार मिलता है। ताजमहल हो या एलोरा की गुफाएं, कुरुक्षेत्र का मैदान हो या दिल्ली का लाल किला।

आज भी लोगों को रोजी-रोटी दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि अमेरिका, चीन और जापान ने भारत में लाखों करोड़ रुपयों के निवेश की बात की है। यह पैसा आएगा, कारखाने लगेंगे। सड़कों, रेलों का मार्ग बनेगा। जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा।

मोदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में हम सरस्वती के रास्ते की तलाश कराएंगे। सरस्वती का उद्गम मिला तो कुरुक्षेत्र की धरती फिर ह‌री होगी। किसानों को पानी मिलेगा और ज्यादा उत्पादन होगा।
विज्ञापन

हरियाणा में भाजपा सरकार बनना जरूरी

मोदी ने कहा कि लोगों से किए सभी वायदे पूरे होंगे, लेकिन तभी जब भाजपा को हरियाणा में जगह दी जाएगी। अगर लोग किसी दूसरी पार्टी को जगह देंगे तो मुझे हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा। फिर मैं आपसे किए वायदे पूरे नहीं कर पाऊंगा।

कांग्रेस तो सिर्फ अपने परिवार का सोचती है। मुझसे 100 दिन का हिसाब मांगती है, अपने 60 सालों में विकास का रोना रोती है, लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि विकास कहा है। देश आज भी गरीब के दर पर खड़ा है। आज भी युवाओं के पास रोजगार नहीं है। आज भी किसानों के हाल बेहाल हैं। ऐसे में बताइए विकास कहां है? प्रगति कहां है? सुकून की जिंदगी कहां है?
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें