भाजपा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने उत्तरप्रदेश की अखिलेश सरकार की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में यूपी पर्याप्त बजट भी खर्च कर रहा है, जबकि हरियाणा में कुल बजट का केवल 2 फीसदी ही स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च किया जाता है, जबकि यूपी में 12 फीसदी बजट स्वास्थ्य सुविधाओं पर खर्च होता है।
विज मंगलवार दोपहर को अंबाला कैंट के लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल के सभागार में जैन सभा की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले भी विज कई बार अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रह चुके हैं।
ये तुलना बेहद हैरतअंगेज
ये तुलना बेहद हैरतअंगेज है। उन्होंने इसका ठीकरा पूर्व हुड्डा सरकार पर फोड़ते हुए कहा कि अब भाजपा सरकार की ओर से सूबे में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके लिए सरकार हरियाणा में भी स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च होने वाले सालाना बजट में बढ़ोतरी करेगी ताकि हरियाणा में लोगों को सुविधाजनक, सस्ता और बढ़िया इलाज सरकारी अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्रों में मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अफसरों से स्पष्ट कहा कि पिछले दस साल में विकास में जो भेदभाव हुआ है, उसकी जिम्मेदार पूर्व हुड्डा सरकार है। विज ने कहा कि अफसर और नेता किसी सरकार के नहीं, जनता के सेवक होते हैं, इसलिए दोनों की जवाबदेही और जिम्मेदारी जनता के प्रति सबसे ज्यादा होनी चाहिए।
गंदगी फेंकने वालों के खिलाफ बनेगा कानून
विज ने कहा कि केंद्र सरकार स्वच्छता अभियान की कामयाबी के लिए जल्द ही एक बिल लाने वाली है, जिसे कानून का रूप दिया जाएगा। यह कानून उन लोगों के खिलाफ होगा जो सार्वजनिक रूप से कूड़ा फेंकते हैं।
इस कानून के तहत सार्वजनिक रूप से कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ केस दर्ज होगा, जुर्माना होगा और सजा का भी प्रावधान होगा। इस बिल पर अभी फिलहाल काम चल रहा है। जल्द ही इस बिल को संसद में लाया जाएगा।