चंडीगढ़। यूटीसीए की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा का चयन एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर, 2026 तक यूएई में खेला जाएगा।
नंदिनी फिलहाल आगामी टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले इसी वर्ष उनका चयन इंग्लैंड में आयोजित आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भी भारतीय टीम में हुआ था। इसके अलावा वह एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप 2026 में भारत-ए टीम का भी हिस्सा रही थीं, जहां उन्होंने प्रभावी तेज गेंदबाजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सीनियर भारतीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत की।
नंदिनी ने अब तक पंजाब और यूटी क्रिकेट एसोसिएशन दोनों का प्रतिनिधित्व करते हुए बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। उन्होंने सीनियर महिला इंटर-जोनल टूर्नामेंट, महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी और सीनियर महिला वनडे चैलेंजर ट्रॉफी जैसी प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम की ओर से खेलते हुए भी नंदिनी ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम की प्रमुख गेंदबाजों में अपनी जगह बनाई।