चंडीगढ़। कोरोना के इस संकट में सेक्टर 28 के नानकसर क्लेंरा गुरुद्वारा प्रमुख संत बाबा लखा सिंह रोजाना 5 हजार जरुरतमंदों को खाना खिलाकर मानवता की सेवा कर रहे हैं। यह कार्य संत बाबा दीप सिंह जी के सर्व धर्म सेवा शांति मिशन के तहत किया जा रहा है।
कई साल पहले संत बाबा लखा सिंह ने पीजीआई में दैनिक लंगर शुरू किया था। पीजीआई में रोजाना 2500 से अधिक जरुरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को खाना खिलाया जाता है। भोजन की सुविधा के लिए उन्होंने रोटी बनाने की मशीन की सुविधा कर रखी है जो हर घंटे पंद्रह सौ रोटी बनाने की क्षमता रखती है। लंगर की सेवा के लिए एक एंबुलेंस हमेशा तैयार रहती है जिसके द्वारा जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचाया जाता है।
उन्होंने गुरुद्वारे के बाहर भी लंगर शुरू किया ताकि गुरुद्वारे के आसपास से कोई भी व्यक्ति भूखा न जाए। धनास की मिल्क कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी, अटावा, बुडैल रायपुर और मोहाली के पास की कॉलोनियों के लगभग 5 हजार लोगों को यह गुरुद्वारा खाना पहुंचा रहा है।
जरूरतमंदों की फोटो व वीडियो न बनाने के निर्देश
संत बाबा लाखा सिंह ने सभी प्रशासनिक लोगों और सेवादारों को बहुत स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह जरूरतमंद लोगों की कोई फोटो या वीडियो न बनाएं। उनका कहना है कि इससे जरूरतमंदों की गरिमा को ठेस पहुंचती है और मानवता की सेवा करने का मकसद खो जाता है।