हरियाणा में सरकार द्वारा पिछले साल नगर पालिका कर्मचारी संघ के साथ समझौते किए गए थे, जिनके लागू न होने पर नगर पालिका कर्मचारी संघ ने आंदोलन छेड़ने का एलान किया है। इसकी शुरूआत 20 जून से की जाएगी। आंदोलन की इसी कड़ी में 9 व 10 जुलाई के प्रदेश के सभी नगरों व कस्बों में पालिका कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे और 17 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन व धरना देंगे। इसके बाद 24 जुलाई को प्रदेश भर में नगर पालिका कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
इसके बाद भी बात नहीं बनी तो सितंबर में करनाल में कर्मचारियों की विशाल रैली की जाएगी। ये फैसला रविवार को यादव धर्मशाला में आयोजित नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन में लिया गया। संघ के नव निर्वाचित प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 20 से 25 जून तक सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन और 2-3 जुलाई को विरोध स्वरूप काले बिल्ले लगाकर गेट मीटिंग की जाएगी ।
9-10 जूलाई को सभी शहरों एवं कस्बों में जुलूस निकाले जाएंगे। 17 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपे जाएंगे और 24 जुलाई को सुबह 8 बजे से 24 घंटे की भूख हड़ताल की जाएगी। सितंबर के प्रथम सप्ताह में सीएम सिटी करनाल में राज्य स्तरीय रैली की हड़ताल का एलान किया जाएगा।
इस मौके पर ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट इंप्लाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने नगर पालिका कर्मचारी संघ द्वारा घोषित आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के एजेंडे में सरकारी कर्मचारी एवं उनकी मांगे नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार अनुबंध कर्मियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, पंजाब के समान वेतनमान देने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार मकान किराए भत्तें में बढ़ोतरी करना तो दूर पिछले दो साल से कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत तक करने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा 10 से 12 अगस्त में राज्य स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन पंचकूला में आयोजित सम्मेलन में सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान करेगा। एसकेएस की उपाध्यक्ष सबिता मलिक ने महिला विरोधी मानसिकता,जाति एवं लिंग के आधार पर किए जा रहे भेदभाव के खिलाफ एकजुटता के साथ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।