आरोपियों को अदालत में पेश करने ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
नाभा की नई जिला जेल में बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य आरोपी डेरा प्रेमी महिंदरपाल बिट्टू की हत्या के केस में सभी पांच आरोपियों को सोमवार को नाभा की अदालत ने 12 दिन की न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया।
सभी पांच आरोपियों गुरसेवक सिंह, मनिंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, लखवीर सिंह उर्फ लखा बाबा और जसप्रीत सिंह को सोमवार को पुलिस रिमांड खत्म होने पर कड़ी सुरक्षा के बीच नाभा अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद सभी आरोपियों को 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल भेज दिया गया। इस दौरान नाभा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। नाभा के डीएसपी वरिंदरजीत सिंह थिंद ने बताया कि पुलिस की ओर से आरोपियों का दो दिनों का और पुलिस रिमांड अदालत से मांगा गया था लेकिन अदालत ने रिमांड नहीं दिया।
मेरे बेटे जसप्रीत को झूठे केस में फंसाया गया : मां
केस के मुख्य आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ निहाला की मां रजिंदर कौर ने कहा कि उसका बेटा तो नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल में बंद था, जबकि कत्ल नाभा की नई जिला जेल में हुआ है। उसने आरोप लगाया कि उसके लड़के को पुलिस ने झूठे केस में फंसाया है और अब उस पर अत्याचार किया जा रहा है।