नाभा जेल ब्रेक कर फरार होने वाले एक और आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। वहीं उससे काफी असलहा बरामद हुआ और पूछताछ में बड़े खुलासे हुए। जालंधर की स्थानीय कमिश्नरेट पुलिस ने नाभा जेल ब्रेक कर फरार होने वाले अमन ढोटिया को पीएपी के पास से गिरफ्तार किया। वह विक्की गौंडर का साथी था। ढोटिया एक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन, 7 कारतूस, पांच हजार रुपये और मोबाइल बरामद हुए हैं। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। यह इनाम उस शख्स को दिया जाएगा, जिसने अमन के बारे पुलिस को जानकारी मुहैया करवाई थी। कमिश्नर अर्पित शुक्ला, डीसीपी नवजोत सिंह माहल, एसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि जालंधर में एक गैंगस्टर घूम रहा है।
वह किसी व्यक्ति का अपहरण कर फिरौती लेने की योजना बना रहा है। इसके बाद एसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने नाकेबंदी करवा दी। इस दौरान पीएपी चौक से पैदल जा रहे तरनतारन निवासी अमन ढोटिया की तलाशी ली गई तो उसके पास से हथियार बरामद किए गए।