सिरसा के गांव कर्मगढ़ के निकट वीरवार देर शाम पंजाब की सीआईए पुलिस को चकमा देकर खेतों की तरफ भागे नाभा जेल ब्रेकिंग मामले के आरोपियों के सहयोगी बदमाशों की तलाश के लिए पंजाब पुलिस के साथ सिरसा पुलिस ने भी क्षेत्र में देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन बदमाश पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे। मामले को लेकर जिले भर की पुलिस सभी नाकों पर भी मुस्तैदी रही।
वहीं बड़ागुढ़ा के एसएचओ यादविंद्र सिंह के अनुसार पूरे मामले में पंजाब की सीआईए पुलिस द्वारा स्वयं श्रेय लेने की बात सामने आई है, क्योंकि जब सीआईए पटियाला पुलिस के सब इंस्पेक्टर सुभाष सिंह के नेतृत्व में कई जवान आरोपियों के पीछे दौड़ते हुए सिरसा की सीमा में दाखिल हो गए थे तो यहां की पुलिस को सूचना देना तक मुनासिब नहीं समझा।
आरोपी जब कर्मगढ़ के निकट कार छोड़कर भाग चुके थे तो उस समय सिरसा पुलिस को सूचना दी गई। बड़ागुढा, ओढां और स्पेशल स्टाफ पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपियों को भागने में समय मिल चुका था। पुलिस ने देर रात तक गांव कर्मगढ़ के खेतों और क्षेत्र में सर्च अभियान चलाए रखा, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ पाए। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जो कार बरामद की है, वह 16 दिसंबर को बठिंडा क्षेत्र से चोरी की गई थी। कार में सवार बदमाशों में एक का नाम सुखचैन उर्फ सुखी निवासी उल्लक मानसा के रूप में बताया जा रहा है, जबकि दूसरे बदमाश की पहचान के बारे में पुलिस अभी तक जानकारी न होने की बात कह रही है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर
- फोटो : File Photo
रात भर दौड़ती रही जिला पुलिस
आरोपियों की तलाश में जिला पुलिस रात भर दौड़ती रही और सभी नाकों पर मुस्तैदी बढ़ाई गई थी। पुलिस ने पुलिस नाकों पर वाहनों की चेकिंग करते हुए संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ करते हुए खासतौर पर कर्मगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने विशेष नजर रखी। घटना के बाद पंजाब पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर गर्म रहा।
सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर
मामले को लेकर वीरवार रात भर सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर जारी रहा। फेसबुक और व्हाट्स एप पर किसी ने सिरसा पुलिस के नाम से एक मैसेज फॉरवर्ड कर दिया, जिसमें लिखा था कि कर्मगढ़ साहुवाला प्रथम के पास आतंकी घुस आए हैं और पुलिस के साथ फायरिंग हुई है। मैसेज के फॉरवर्ड होते ही लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया और लोग अपने रिश्तेदारों को फोन पर सतर्क रहने की बातें करते रहे, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं था। पुलिस को देर रात तक खारियां क्षेत्र में अपराधियों के घूमने की सूचना मिलती रही, लेकिन सभी सूचनाएं अफवाह निकली।
यह बोले डीएसपी
- फोटो : फाइल फोटो
यह बोले पुलिस अधिकारी
सरसों के काफी खेत होने के कारण रात्रि में पुलिस को थोड़ी दिक्कत आई थी। पुलिस ने क्षेत्र में देर रात तक सर्च अभियान चलाया था, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग पाए। पंजाब पुलिस ने अगर जिला पुलिस को समय रहते जानकारी दी होती तो शायद आरोपी हत्थे चढ़ जाते। हां, कार चोरी की है, जो बठिंडा से 14 दिन पूर्व चोरी हुई थी।
- यादविंद्र सिंह, एसएचओ बड़ागुढ़ा
यह बोले डीएसपी
पंजाब पुलिस की टीम पहले अपराधियों का पीछा कर रही थी, सिरसा पुलिस को सूचना थोड़ा लेट दी गई। वैसे हर अधिकारी अपनी तरफ से अच्छा काम करना चाहता है, अपराधियों को पकड़ने के लिए उन्होंने कोशिश की और सिरसा पुलिस ने भी पूरी कोशिश करते हुए सर्च अभियान चलाया, लेकिन थोड़ा लेट होने से वह भाग निकले।
- विजय कक्कड़, डीएसपी हेडक्वार्टर