चंडीगढ़। सेक्टर-38बी बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में मिला। पीसीआर ने घायल को जीएमएसएच-16 में पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान डड्डूमाजरा निवासी प्रदीप कुमार (40) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि व्यक्ति के पेट में चाकू गोदकर हत्या की गई है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पहले तो हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन प्रदीप की मौत होने के बाद पुलिस ने धारा 302 जोड़ ली है।
पुलिस को रविवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि सेक्टर 38 स्थित बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। वहां पहुंचकर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां सामने आया कि व्यक्ति के पेट पर चाकू से वार किया गया है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने 302 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने अस्पताल की मोर्चरी में शव रखवा दिया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि प्रदीप पिछले 12 साल से डड्डूमाजरा में रहकर गारबेज उठाने का काम करता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा कि प्रदीप पर कितने वार किए गए हैं। पुलिस बस स्टॉप और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।
नशे का आदी था प्रदीप : पुलिस
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि शादीशुदा प्रदीप के दो बेटे और एक बेटी है। प्रदीप ज्यादातर घर से बाहर रहता था और सेक्टर-38 के बस स्टॉप पर ही सो जाता था। पुलिस के अनुसार प्रदीप नशा करने का आदी है। हत्या किन कारणों से हुई है, पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। वहीं सूत्रों की मानें तो एक व्यक्ति बस स्टॉप पर प्रदीप के साथ सोता था, पुलिस अब इस एंगल से भी जांच में जुटी हुई है कि कहीं नशे के चक्कर में उसी व्यक्ति ने प्रदीप का कत्ल तो नहीं किया है।